विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली से पहले पटना में बड़ी कार्रवाई, ₹23 लाख की 21 हजार किलो अवैध मिठाई जब्त

Published: Tue, 03 Nov 2026 11:30 PM (IST)

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दीपावली से पहले पटना में बड़ी कार्रवाई करते हुए पवन मिष्ठान से 21,339 किलोग्राम अवैध मिठाइयां जब्त कीं, जिनकी कीमत 23 लाख रुपये से अधिक है।

21 हजार किलो अवैध मिठाई जब्त (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

21 हजार किलो अवैध मिठाई जब्त (एआई जेनरेटेड तस्वीर)

HighLights

  1. पटना में 21 हजार किलो अवैध मिठाइयां जब्त, कीमत 23 लाख।

  2. बिना लाइसेंस, खराब साफ-सफाई पर पवन मिष्ठान पर कार्रवाई।

  3. अन्य दुकानों को भी सुधार नोटिस, नमूने जांच हेतु भेजे।

जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली से ठीक पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित कराने के लिए बड़ी कार्रवाई की। मंगलवार को अगमकुआं की बड़ी पहाड़ी स्थित पवन मिष्ठान में छापेमारी कर 21 हजार 339 किलोग्राम मिठाइयां जब्त कीं। इनकी कीमत 23 लाख 13 हजार 820 रुपये बताई गई। 

इतनी बड़ी मात्रा में मिठाइयों का निर्माण व कारोबार बिना वैध खाद्य लाइसेंस के हो रहा था। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई से लेकर कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र व मिठाइयों की पैकेजिंग तक में गंभीर कमियां मिलीं। 

टीम ने 4,700 किलो पेड़ा, 12 हजार 495 किलो से अधिक मिल्क केक और 4,144 किलो लड्डू जब्त कर 166 किलो घटिया मिठाई व 150 किलो मिल्क घोल यानी 316 किलो सामग्री मौके पर नष्ट कराई।

पैकेट पर न निर्माण, न ही एक्सपायरी तिथि

पवन मिष्ठान के निरीक्षण में मिठाइयों की पैकेजिंग पर निर्माण तिथि, उपयोग की अंतिम तिथि और बैच संख्या जैसी अनिवार्य जानकारियां अंकित नहीं मिलीं। खाद्य सामग्री के भंडारण में भी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। विभाग ने जब्त मिठाइयों को लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। 

वहीं, बहादुरपुर के भूतनाथ स्थित संजय मिठाई घर में जांच के दौरान मेटानिल येलो के 30 पैकेट और हाइड्रो के तीन पैकेट मिले। टीम ने इन्हें मौके पर नष्ट करा बेसन लड्डू का नमूना लेकर जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा है। वैध खाद्य लाइसेंस नहीं होने पर प्रतिष्ठान को बंद कराया गया। 

14 दिन का सुधार नोटिस दिया गया

आलमगंज के बजरंगपुरी स्थित सागर स्वीट्स एंड बेकरी की जांच में खाद्य पदार्थों के सुरक्षित भंडारण, तापमान नियंत्रण, साफ-सफाई, कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और कीट नियंत्रण व्यवस्था में कमियां मिलीं। प्रतिष्ठान को 14 दिन का सुधार नोटिस दिया गया है। 

जकरियापुर के शिवनगर स्थित अनित केक बेकरी में कर्मचारियों के स्वास्थ्य प्रमाणपत्र और कीट नियंत्रण संबंधी प्रमाणपत्र उपलब्ध नहीं मिले। विभाग ने इसे भी सुधार नोटिस जारी किया है।

यह भी पढ़ें- बिहार पुलिस के इनपुट पर हरियाणा STF का एक्शन, 25 हजार गोलियों के साथ 5 गिरफ्तार


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।