रोजी-रोटी के लिए इराक गए पांच लोग लापता, एक का मिला शव
रोजी-रोटी की तलाश में एक वर्ष पूर्व इराक गये पांच लोग लापता बताये जा रहे हैं। इनमें एक का शव मिला है।
सिवान [जेएनएन]। रोजी-रोटी की तलाश में एक वर्ष पूर्व इराक गए सिवान के पांच लोगों का अभी तक पता नहीं चल रहा है। अब विदेश मंत्रालय ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। सिवान से गए पांच लोगों में एक का शव मिला है। शव की पहचान नहीं हो पा रही है।
डीएनए मिलान से तय किया जाएगा कि वह कौन था। इसके लिए विदेश मंत्रालय के आदेश पर पांचों परिवार के तीन-तीन सदस्य से ब्लड का सैंपल लेकर शनिवार को विशेष वाहक सदर प्रखंड के सहायक अभिषेक कुमार के माध्यम से विदेश मंत्रालय को भेजा गया।
बताया गया कि इनके लापता होने के बाद इराक में कई शव मिले हैं। उनकी पहचान मुश्किल थी। लिहाजा सिवान के लापता पांचों लोगों के परिजन के सैंपल लेकर भेजे गए।
सिवान के ये हैं लापता
आसांव थाना के सहसरांव ग्राम निवासी चंद्रमोहन सिंह के पुत्र संतोष कुमार सिंह एवं मधुसूदन तिवारी के पुत्र विद्या भूषण तिवारी। मैरवा थाना के सिसवां खुर्द निवासी रामबहादुर सिंह के पुत्र अदालत सिंह एवं मैरवा थाना के ही हरपुर के राजेंद्र प्रसाद के पुत्र धर्मेंद्र कुमार, मुफस्सिल थाने के टड़वा निवासी रामायण कुशवाहा के पुत्र सुनील कुमार कुशवाहा।
डीएनए मिलान के लिए इनके शरीर से लिए गए नमूने
संतोष कुमार सिंह के परिजन अस्कंद विक्रम, गुडिय़ा देवी और रिंकी देवी, विद्या भूषण तिवारी के परिजन लाखो देवी, खुशी कुमारी और तनिश, आदालत सिंह के परिजन रामबहादुर सिंह, प्रिंस कुमार और प्रिया कुमारी, सुनील कुमार सिंह के परिजन किसमती देवी, अभीत कुमार और आदित्य कुमार। धर्मेंद्र कुमार के परिजन राजेंद्र प्रसाद, हंसराज कुमार और रंजीत कुमार के भी सैंपल भेजे गए। जिलाधिकारी महेंद्र कुमार ने बताया कि विदेश मंत्रालय से डीएनए सैंपल की मांग की गई थी उसे भेज दिया गया है।