राजधानी में जमीनी विवाद में मारपीट के बाद फायरिंग, तीन घायल PMCH रेफर
पटना में रविवार को जमीनी विवाद में एक बार फिर गोलियां तड़तड़ाईं। वारदात में तीन लोग घायल हो गए हैं।
पटना, जेएनएन। पटना में रविवार की सुबह एक बार फिर जमीनी विवाद को लेकर गोलियां तड़तड़ाईं। वारदात शाहपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई। फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर शाहपुर थाने की पुलिस पहुंच गई है। स्थिति नियंत्रण में कर ली गई है। जिन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार शाहपुर थाना क्षेत्र के दाऊदपुर में कृष्णा राय और नरेश राय रहते हैं। इनके बीच मनेर-दानापुर पेट्रोल पंप की नजदीक एक खाली जमीन पर कब्जे को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था। आए दिन दोनों पक्षों के बीच कहासुनी होती रहती थी। रविवार की सुबह करीब आठ बजे दोनों तरफ से विवाद शुरू हो गया। बात-बात में हथियार निकल आए।
इसी बीच किसी ने फायरिंग कर दी। गोलीबारी की आवाज सुन भगदड़ मच गई। फायरिंग में तीन लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि किसी की स्थिति चिंता जनक नहीं है। सभी मामूली रूप से घायल हैं। वहीं वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस गश्ती कर रही है।