बिहार: बारात में दुल्हन के पिता की गोली मारकर हत्या, घर से डोली के बदले निकला जनाजा
बिहार के गोपालगंज में शादी के दौरान दुल्हन के पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। विवाद का कारण डीजे पर अश्लील गाना बजाना था। इसके बद शादी रोक दी गई।
गोपालगंज [जेएनएन]। गांव में शादी के दौरान बारात में अश्लील गाने को लेकर विवाद हो गया। इसपर कुछ ग्रामीणों की दुल्हन पक्ष के साथ खूनी झड़प हो गई। इस दौरान दुल्हन के पिता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। घटना बिहार के गोपालगंज स्थित चकागांव थाना के बरारी जगदीश गांव की है। मृतक का नाम शंकर सहनी है। इसके बाद शादी रुक गई। जिस घर से डोली निकलनी थी, वहां से जनाजा निकला।
बारात में खूनी झड़प, वधू के पिता की हत्या
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात शंकर सहनी की बेटी की शादी थी। बारातियों के लिए आर्केस्ट्रा की व्यवस्था की गई थी। आर्केस्ट्रा में गांव का एक युवक स्टेज पर चढ़ कर अश्लील डांस करने लगा। इसे लेकर दुल्हन पक्ष के लोगों का उससे विवाद हो गया।
इस घटना के बाद युवक अपने घर चला गया। कुछ देर बाद प्रतिशोध में युवक कुछ लोगों के साथ आया और दुल्हन पक्ष के लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान उसने लाठी-डंडे से पीट-पीटकर दुल्हन के पिता शंकर साहनी की हत्या कर दी। मारपीट में दुल्हन के चाचा संतोष सहनी, सुरेंद्र सहनी सहित 10 लोग घायल हो गए, जिनका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
नामजद एफआइआर दर्ज, एक गिरफ्तार
घटना के बाद शादी रुक गई। पुलिस ने मृतक के भाई संतोष सहनी के बयान पर गांव के ही सुरेन्द्र सहनी, महेश सहनी व अमरजीत सहनी सहित पांच लोगों को आरोपित किया है। पुलिस ने उनमें से एक को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए कई थानों की पुलिस तैनात की गई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप