बिहार में दरिंदा बाप पांच साल तक करता रहा बेटी से दुष्कर्म, शिकायत पर पत्नी की ले ली जान
बेगूसराय में बेटी से पांच वर्ष तक दुष्कर्म व दो अन्य बेटियों का यौन शोषण किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बेगूसराय, जेएनएन। बिहार के बेगूसराय में शुक्रवार को दिलदहला देने वाली वारदात सामने आई है। जिले में वहशी पिता द्वारा अपनी बेटी से पांच वर्ष तक दुष्कर्म व दो अन्य बेटियों का यौन शोषण किए जाने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित बच्चियों की गुहार व विहिप बजरंगदल की पहल के बाद गुरुवार को बरौनी थाने में पाक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित पिता को गिरफ्तार किया गया है।
बच्चियों ने लगाया मां की हत्या का भी आरोप
बरौनी थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में नाबालिग पीड़िता ने कहा कि पिता दुबई में काम करते थे। घर वापस लौटने पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया जाता। ये सब काफी दिनों से हो रहा था। पीड़िता ने कहा कि जब उसने पिता की शिकायत मां से की तो वो गुस्सा गया। बीते 13 नवंबर 2019 को बलिया स्टेशन के समीप जान मारने की नीयत से पिता ने मां को धक्का दे दिया, जिससे मां गंभीर रूप से जख्मी हो गई। घायलावस्था में इलाज के दौरान मां की मौत हो गई। मां की मौत के बाद वहशी पिता ने 14 व 12 वर्षीय बेटी के साथ छेडख़ानी शुरू कर दी।
दुबई से अश्लील वीडियो कॉलिंग का आरोप
प्राथमिकी में पीड़िता ने अपने पिता पर विदेश से अश्लील वीडियो कॉलिंग करने का भी आरोप लगाया है। प्राथमिकी में कहा गया है कि दुबई से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से वह अश्लील हरकत करता था। उक्त संबंध में पीड़िता ने साक्ष्य के रूप में कई वीडियो सौंप कर न्याय की गुहार लगाई है। मां की मौत के बाद पीड़िता ने हिम्मत कर अपनी नानी को खुद के साथ हो रहे कृत्य के बारे में बताया। जिसके बाद पीड़िता के मामा उसकी मदद के लिए आगे आए और बजरंग दल के प्रदेश संयोजक शुभम भारद्वाज की पहल पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित पिता की गिरफ्तारी हुई है।