Bihar Crime: शेखपुरा में दहेज के पैसे बचाने को बाप ने बेटी की हत्याकर खेत में गाड़ी लाश, सौतेली मां का भी मिला साथ
Bihar Crime News बिहार के शेखपुरा में बाप ने ही अपनी बेटी की हत्या करके उसकी लाश खेत में गाड़ दी। पुलिस ने तीन दिन बाद मंगलवार की देर शाम खेत की खोदाई करके लड़की की लाश निकाली।
शेखपुरा, जेएनएन। जिले के कसार थाने के चांदी गांव में बाप ने सौतेली मां के साथ मिलकर अपनी बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात के बाद उसने लाश को छिपाने के लिए खेत में गाड़ दिया। मृतका के मामा की सूचना पर पुलिस ने तीन दिन बाद मंगलवार की शाम खेत की खोदाई करके लड़की की लाश निकाली। मृतका की पहचान चांदी गांव के विजय यादव की पुत्री शिल्पी कुमारी (13) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित बाप विजय यादव को गिरफ्तार कर लिया है। किशोरी की हत्या में सौतेली मां की भी भूमिका बताई जा रही है।
रविवार की शाम घर में शिल्पी तथा उसकी सौतेली मां के बीच विवाद हो गया था। इसी विवाद में सौतेली मां ने बाप के साथ मिलकर शिल्पी की गला दबाकर हत्या कर दी और रात में गांव से दूर जाकर मय के खंधा में उसकी लाश खेत मे गाड़ दी। शिल्पी तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। इसकी मां की मौत चार साल पहले हो गई थी। मंगलवार को शिल्पी का मामा एकाढा गांव का अशोक यादव भांजी से मिलने आया। इस दौरान शिल्पी घर में नहीं मिली। बाद में शिल्पी की छोटी बहन ने मामा को बताया कि बाबू जी ने दीदी को जान से मार दिया है। इसके बाद मामा अशोक यादव ने कसार थाना को इसकी सूचना दी। जानकारी के बाद पुलिस ने सबसे पहले शिल्पी के बाप विजय को हिरासत में लिया तो उसने खुद पुलिस के समक्ष सारे राज खोल दिए।
सौतेली मां से होता रहता था विवाद
अस्पताल पहुंचे स्वजन तथा ग्रामीणों का कहना है शिल्पी अपनी मां से जन्म लिये तीन बहनों में सबसे बड़ी थी। शिल्पी अपनी दो बहनों के साथ बाप तथा सौतेली मां के साथ गांव में रहती थी। सबसे छोटी बहन ननिहाल में रहती है। शादी में तिलक खर्च होने के डर से सौतेली मां शिल्पी तथा उसकी बहन को रखना नहीं चाहते थे। इसी वजह से सौतेली मां बराबर शिल्पी से लड़ाई-झगड़ा करती थी। इसी को लेकर रविवार को भी शिल्पी तथा सौतेली मां के साथ विवाद हुआ था।