किसानों को खरीदार का इंतजार, प्रशासन का दावा- धान में नमी अधिक होने के कारण खरीद संभव नहीं
सहकारिता विभाग का दावा- 17 फीसदी नमी वाला नहीं मिल रहा धान कैसे कराएं खरीद पटना जिला को 1.25 लाख एमटी धान खरीद का मिला लक्ष्य 221 पैक्स-व्यापारमंडल धान खरीदने की तैयारी में जुटे - 4500 किसानों ने कराया ऑन लाइन निबंधन
पटना, जेएनएन। खेत में धान काटने का काम अब खत्म होने लगा है। किसानों (Farmers) ने अपना धान (Paddy) बेचना भी शुरू कर दिया है। साहुकार और व्यवसायी जरूरतमंद किसानों से औने-पौने दाम पर धान खरीद रहे हैं। दूसरी तरफ प्रशासन का कहना है कि अभी धान में नमी की मात्रा तय मानक से अधिक है। इसलिए सरकारी स्तर पर धान खरीद (paddy procurement) की प्रक्रिया शुरू नहीं हो पा रही है।
17 फीसद तक नमी वाला धान ही खरीदेगा सहकारिता विभाग
पटना जिला सहकारिता विभाग धान खरीद की सभी प्रक्रियाएं तेजी से पूरा करने में जुटा है। हालांकि अभी तक कहीं भी धान खरीद केंद्र नहीं खुले हैं। जिला सहकारिता पदाधिकारी शशि बाला रावल ने दावा किया कि 17 फीसदी नमी तक धान उपलब्ध नहीं है। इससे ज्यादा नमी वाले धान को खरीदा नहीं जा सकता है। कोई भी किसान नमी के मानक के अनुसार धान उपलब्ध कराएं, अभी धान खरीद कर ली जाएगी।
221 पैक्स और व्यापार मंडल का चयन हो चुका है पूरा
221 पैक्स और व्यापार मंडल को धान खरीद के लिए चयनित किया गया है। 185 केंद्रों पर धान खरीद शुरू करने के लिए सभी प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मंगलवार तक सभी समितियां प्रक्रिया पूरी कर लेंगी। बुधवार से पंचायत स्तर पर धान क्रय केंद्र खुलने लगेंगे। उसके बाद धान खरीद की प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। 31 मार्च तक धान खरीद करने का समय दिया गया है।
मंगलवार को बैंक डाल देगा कैश क्रेडिट की राशि
पाटलपिुत्र सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक ने चयनित पैक्सों और व्यापार मंडलों को धान खरीद के लिए कैश क्रेडिट की राशि दे दी है। तकनीकी पेंच के कारण मंगलवार को पटना जिला के सभी धान खरीद समितियों के कैश क्रेडिट मिल जाएगा। बैंक की एमडी लवली ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बैंक के अध्यक्ष अशोक कुमार से सात दिसंबर को बोर्ड की बैठक बुलाई है।