यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 19, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गौरीचक में किसान की गोली मारकर हत्या, गाव में तनाव
गौरीचक थाना के चक रहीमा गांव के किसान की गोली मारकर बदमाशों ने मंगलवार की देर रात हत्या कर दी।

पटना (पुनपुन)। गौरीचक थाना के चक रहीमा गांव के किसान की गोली मारकर बदमाशों ने मंगलवार की देर रात हत्या कर दी। बुधवार की सुबह गांव से दूर खेत में वृद्ध का शव बरामद हुआ। सुबह खेत में पड़े शव पर ग्रामीणों की नजर पड़ी। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। जानकारी मिलने पर पहुंचे किसान के परिजनों ने शव की पहचान सरोज यादव (60 वर्ष) के रूप में की। मौके पर पहुंची गौरीचक पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पीएमसीएच भेजा। घटना के बाद से गांव में तनाव व्याप्त है।
पड़ोसियों पर हत्या की शक, पांच नामजद
बदमाशों ने सरोज यादव के सिर में दो गोली मारी। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सरोज के परिजनों ने पड़ोसी राज बल्लभ यादव समेत पाच लोगों को विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई।
बाजार से लौटने के दौरान अगवा कर मारी गोली
परिजनों ने बताया कि मंगलवार अपराह्न सरोज यादव आधार कार्ड बनाने वीर बाजार गए थे। देर शाम तक वे घर नहीं लौटे। आशंका होने पर आसपास में खोजा लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। आशंका है कि बाजार से लौटने के दौरान बदमाशों ने अगवा कर गोली मार दी। सुबह में शव बरामद होने के बाद गांव में तनाव का माहौल बना है।
रास्ते को लेकर चल रहा था विवाद
गौरीचक पुलिस को दिए बयान में परिजनों ने बताया कि रास्ते को लेकर पड़ोसी राजबल्लभ यादव से विवाद चल रहा था। कुछ दिनों पहले पड़ोसी से इसको लेकर दोनों पक्ष में मारपीट भी हुई थी। इसी विवाद को लेकर राजबल्लभ यादव और उसके साथ मिलकर अन्य लोगों ने सरोज यादव की हत्या कर दी। गौरीचक थानेदार साकेत कुमार ने बताया कि किसान के परिजनों ने पड़ोसी राज बल्लभ समेत पाच लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस हत्या आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
किसान सरोज का एक पुत्र लालन यादव ऑटो चालक है, दूसरा पुत्र बबन यादव पिता के साथ खेती में हाथ बंटाता था। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप