खान सर के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराने पहुंचे रौशन आनंद, पटना पुलिस का एफआईआर करने से इनकार
ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद ने फैजल खान पर अपने भाई प्रिंस यादव की नेपाल में हत्या की साजिश ...और पढ़ें
HighLights
रौशन आनंद ने फैजल खान पर भाई की हत्या का आरोप लगाया।
कदमकुआं पुलिस ने नेपाल में घटना बताकर एफआईआर से मना किया।
पुलिस मामले की गंभीरता से समीक्षा कर रही है, आगे की कार्रवाई तय होगी।
जागरण संवाददाता, पटना। ज्ञान बिंदु के संचालक रौशन आनंद अपने वकील के साथ कदमकुआं थाना पहुंचे। उन्होंने फैजल खान पर अपने भाई प्रिंस यादव की सुनियोजित हत्या की साजिश का गंभीर आरोप लगाया।
रौशन आनंद ने थाना पहुंचकर औपचारिक रूप से एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पूरा मामला 2 जून को मुसल्लहपुर इलाके में हुई तोड़फोड़ और पत्थरबाजी से भी जुड़ा बताया जा रहा है।
नेपाल में घटना और लगाए गए गंभीर आरोप
रौशन आनंद का आरोप है कि फैजल खान ने उनके भाई की नेपाल में हत्या करवाई है। उनका कहना है कि यह पूरी घटना एक सोची-समझी रणनीति के तहत अंजाम दी गई।
जेल से जमानत पर रिहा होने के बाद उन्होंने सीधे तौर पर फैजल खान को जिम्मेदार ठहराया। इससे पहले भी दोनों पक्षों के बीच तनाव और विवाद की स्थिति बनी रही है।
बुधवार शाम थाना परिसर में लिखित आवेदन भी पुलिस को सौंपा गया। आवेदन में हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज करने की मांग की गई।
पुलिस ने क्षेत्राधिकार का हवाला देकर जताई बाध्यता
कदमकुआं थाना पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज करने से इनकार कर दिया। पुलिस का कहना है कि कथित घटना भारत के बाहर नेपाल में हुई है।
इस कारण स्थानीय स्तर पर केस दर्ज करने में कानूनी और तकनीकी बाधा है। टाउन डीएसपी-1 राजेश रंजन ने भी क्षेत्राधिकार संबंधी समस्या की पुष्टि की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल मामले की गंभीरता से समीक्षा की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारियों से राय लेने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
