भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी का फेसबुक हैक, प्राथमिकी दर्ज
लोकसभा चुनाव की हलचल के बीच किसी जालसाज ने भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अशोक का फेसबुक खाता हैक कर लिया।
पटना : लोकसभा चुनाव की हलचल के बीच किसी जालसाज ने भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी अशोक कुमार का अधिकृत फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया। जानकारी होने पर अशोक कुमार ने सोमवार को गर्दनीबाग थाने में शिकायत दर्ज कराई। थानाध्यक्ष ने बताया कि जालसाजी और आइटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। छानबीन की जा रही है।
अशोक कुमार ने बताया कि शनिवार की सुबह 10 बजे उन्हें आभास हुआ कि किसी ने उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया है। अकाउंट की प्रोफाइल और कवर फोटो बदल दी गई थी। जिस ई-मेल आइडी पर यह अकाउंट बना था, उसका पासवर्ड भी बदल दिया गया था। उनका अकाउंट अशोक भट्ट के नाम से है। अशोक का कहना है कि वह अपना फेसबुक अकाउंट स्वयं संचालित करते हैं। उन्होंने आशंका जताई है कि लोकसभा चुनाव के दौरान साजिश के तहत उनका अकाउंट हैक किया गया है, ताकि उसमें छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक पोस्ट वायरल किए जा सकें।
---------
: तेज प्रताप ने भी दर्ज कराई थी प्राथमिकी, नहीं पकड़ा गया जालसाज :
पूर्व स्वास्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने सचिवालय थाने में दो बार फेसबुक से हैक कराने की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि अब तक जालसाज पकड़ा नहीं गया। उनका आरोप था कि अकाउंट से छेड़छाड़ कर आपत्तिजनक पोस्ट किए गए हैं। वहीं, हाल में उन्होंने निजी सहायक के मोबाइल पर जान से मारने की धमकी भरा कॉल आने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कॉल करने वाले की पहचान औरंगाबाद जिले के गोह थाना क्षेत्र निवासी चंद्रकांत उर्फ झोंकी के रूप में हुई थी। वह छात्र राजद से जुड़ा है। जब उसके घर पुलिस पहुंची तो उसके बाद झोंकी ने वाट्सएप ग्रुप में धमकी भरा मैसेज किया था। इस मामले में झोंकी की गिरफ्तारी भी नहीं हो सकी।