गोविंदा के भांजे और भोजपुरी स्टार विनय आनंद का फेसबुक अकाउंट हैक
फिल्म सितारों के फेसबुक अकाउंट लगातार हैकर के निशाने पर होते हैं। इसके ताजा शिकार बने हैं फिल्म सितारे गोविंदा के भांजे और भोजपुरी फिल्मों के स्टार विनय आनंद।
पटना, जेएनएन। फिल्म सितारों के फेसबुक अकाउंट लगातार हैकर के निशाने पर होते हैं। इसके ताजा शिकार बने हैं फिल्म सितारे गोविंदा के भांजे और भोजपुरी फिल्मों के स्टार विनय आनंद। विनय ने फेसबुक अकाउंट हैक होने की शिकायत मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में दर्ज कराई है।
विनय आनंद ने जागरण को बताया कि दो दिन पहले उन्हें इस बात का पता चला कि उनका अकाउंट हैक हो गया है। वे अपना फेसबुक अकाउंट ओपन नहीं कर पा रहे थे और न ही कुछ पोस्ट कर पा रहे थे। उनके पुराने पोस्ट को लाइक्स भी नहीं मिल रहे थे। सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात ये थी कि उनके फेसबुक से कोई लाइव कर रहा था जिसकी झलक में एक अधेड़ उम्र का आदमी टोपी लगाए दिखाई दे रहा था। फेसबुक पर विनय आनंद के एक लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं।
फेसबुक हैक होने की जानकारी मिलने पर पहले उन्होंने खुद से पासवर्ड बदलने की कोशिश की, मगर वे असफल रहे। इसी के चलते उन्होंने मुंबई के ओशिवारा पुलिस स्टेशन में इसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। इसके साथ ही उन्हें शिकायत की एक कॉपी अपने दूसरे सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर भी पोस्ट की है।
रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसमें साइबर पुलिस स्टेशन और महाराष्ट्र साइबर क्राइम को सूचित किया गया है। विनय आनंद ने बॉलीवुड फिल्म 'मैं आ गया' से करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद वे कई भोजपुरी फिल्मों में भी नजर आए। उनके भाई कृष्णा अभिषेक हैं, जो टीवी कॉमेडियन हैं।