विधायक के भतीजे पर 50 लाख रंगदारी मांगने का आरोप
पाटलीग्राम बिल्डर्स के निदेशक से 50 लाख की रंगदारी मागने का मामला प्रकाश में आया है
पटना। पाटलीग्राम बिल्डर्स के निदेशक से 50 लाख की रंगदारी मागने का मामला प्रकाश में आया है। इस बाबत रूपसपुर के नीतिबाग निवासी पाटलीग्राम के निदेशक प्रभात कुमार रंजन ने शाहपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। इसमें रंगदारी मागने का आरोप दानापुर की विधायक आशा सिन्हा के रिश्तेदार मुकेश उर्फ सोनू यादव पर लगाया गया है। विधायक ने आरोप को निराधार और झूठा बताते हुए कहा कि उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। पाटलीग्राम के निदेशक श्री रंजन ने शाहपुर थाना में दिये आवेदन में बताया है कि 12 जून को रात करीब पौने 11 बजे उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने 50 लाख रंगदारी देने की माग करते हुए धमकी दी। फोन करने वाले अपना नाम मुकेश उर्फ सोनू बताते हुए कहा कि विधायक आशा सिन्हा उसकी चाची हैं। श्री रंजन ने बताया है कि मौजा उसरी बाध के मुख्य मार्ग पर पाटलीग्राम किंगडम प्रोजेक्ट प्लॉट है। इसका चार एकड़ में प्रथम फेज में निर्माण कार्य शुरू होने वाला है। इसकी अनुमानित लागत 86 करोड़ है। उसी मार्ग पर प्रोजेक्ट का विस्तारित प्लॉट मौजा सरारी मखदुमपुर में भी है। विधायक आशा सिन्हा ने बिल्डर के आरोप को निराधार बताते हुए कहा कि मुकेश पशुपालन का काम करता है। एक साजिश के तहत उनकी राजनीतिक छवि को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उधर थानाध्यक्ष नसीम अहमद ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।
- - - - - - - - - - - - - - - -