बिहार के बेगूसराय से लोकसभा चुनाव लड़ेंगे कन्हैया, जावेद-शबाना करेंगे प्रचार
आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर यह बड़ी खबर है। मामला जेएनयू छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष कन्हैया कुमार के लोकसभा चुनाव लड़ने से जुड़ा है। पूरी जानकारी के लिए पढ़ें यह खबर।
पटना [राज्य ब्यूरो]। आगामी लोकसभा चुनाव में भारतीय कम्युनिष्ट पार्टी (भाकपा) जवाहरलाल नेहरू विवि (जेएनयू) छात्र संघ के पूर्व अध्यक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारिणी के सदस्य कन्हैया कुमार को बेगूसराय से उम्मीदवार बनाएगी। कन्हैया के पक्ष में चुनाव प्रचार करने प्रसिद्ध गीतकार जावेद अख्तर और उनकी पत्नी अभिनेत्री शबाना आजमी आएंगी। पार्टी के राज्य सचिव डॉ. के नारायणा एवं सत्यनारायण सिंह ने रविवार को बताया कि चुनाव में कन्हैया को उम्मीदवार बनाने के लिए राष्ट्रीय कार्यकारिणी को प्रस्ताव भेजा जाएगा।
'भाजपा हराओ-देश बचाओ' रैली की तैयारियां जारी
सत्यनारायण सिंह ने बताया कि 25 अक्टूबर को गांधी मैदान में होने वाली 'भाजपा हराओ-देश बचाओ' रैली को सफल बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं। रैली में कांग्रेस, राजद, भाकपा माले, माकपा, लोकतांत्रिक जनता दल और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा के प्रमुख नेताओं को आमंत्रित किया गया है। पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एस.सुधाकर रेड्डी, राज्यसभा सांसद डी.राजा, राष्ट्रीय सचिव अतुल कुमार अंजान, के नारायणा एवं रवीन्द्र कुमार समेत अन्य नेता भी रैली में शामिल होंगे।
रैली के प्रचार के लिए बिहार पहुंचे कन्हैया
रैली के प्रचार-प्रसार के लिए कन्हैया कुमार भी रविवार को बिहार (पटना) पहुंचे। वे 22 से 24 अक्टूबर तक पटना जिले में रोड शो करेंगे। इससे पहले 9 अक्टूबर को मोतीहारी, 11 अक्टूबर को बेगूसराय, 12 अक्टूबर को मधेपुरा, 13 अक्टूबर को खगडिय़ा, 14 अक्टूबर को रोहतास में रोड शो व सभा करेंगे।
पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में बनेगा वाम जनवादी मोर्चा
भाकपा के राष्ट्रीय सचिव डॉ.के नारायणा ने बताया कि देश के जिन पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं वहां वाम जनवादी मोर्चा (लोकतांत्रिक मोर्चा) बनाया गया है। मोर्चा साझा उम्मीदवार उतारेगा। इससे कांग्रेस अलग है। उन्होंने कहा कि तेलांगना चुनाव में वोटर लिस्ट से संबंधित मामला कोर्ट में है। टीआरएस के दबाव में वहां चुनाव नौ माह पहले कराने की साजिश में भाजपा शामिल है।