विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छठ के 2 दिन पहले गिरफ्तारी और ठेकुआ का प्रसाद, क्‍यों खुद के फैसले पर IPS ऑफ‍िसर काम्‍या मिश्रा को हुआ पछतावा?

Published: Sat, 14 Nov 2026 09:41 AM (IST)

आईपीएस काम्या मिश्रा ने बिहार में अपनी पहली पोस्टिंग के दौरान छठ से जुड़ा एक भावुक अनुभव साझा किया। उन्होंने ...और पढ़ें

काम्‍या मिश्रा ने बताया छठ का प्रसंग। फाइल

काम्‍या मिश्रा ने बताया छठ का प्रसंग। फाइल

HighLights

  1. आईपीएस काम्या मिश्रा ने छठ का अनुभव साझा किया।

  2. छठ से पहले आरोपी की गिरफ्तारी से हुआ पछतावा।

  3. आरोपी की मां ने प्रसाद देकर फैसला स्वीकारा।

डिजिटल डेस्क, पटना। बिहार में छठ केवल एक पर्व नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, भावनाओं और परिवारों से जुड़ा महापर्व है। इस पर्व की महत्ता ऐसी है कि इसकी चर्चा अब बिहार की सीमाओं से निकलकर देश-दुनिया तक पहुंच चुकी है।

छठ के प्रति लोगों की इसी गहरी आस्था का एक ऐसा प्रसंग बिहार में आईपीएस अधिकारी रह चुकीं काम्या मिश्रा ने साझा किया है, जिसे सुनकर कोई भी भावुक हो सकता है।

अपने सख्त तेवर के कारण लेडी सिंघम के नाम से चर्चित काम्या मिश्रा ने एक पॉडकास्ट में बताया कि बिहार में अपनी शुरुआती पोस्टिंग के दौरान छठ से जुड़ा एक अनुभव उनके मन में आज भी दर्ज है।

यह प्रसंग एक मां की ममता, पुलिस की जिम्मेदारी और बिहार की सांस्कृतिक संवेदनशीलता को एक साथ सामने लाता है।

छठ से दो दिन पहले लूट के आरोपित को कर लिया गिरफ्तार

काम्या मिश्रा ने बताया कि जब वह लालगंज थाने की SHO थीं, तब हिमाचल प्रदेश से नई-नई बिहार आई थीं। छठ के बारे में उन्हें जानकारी थी कि यह बहुत बड़ा त्योहार है, लेकिन बिहार के लोगों की इससे जुड़ी भावनाओं की गहराई का अंदाजा नहीं था।

इसी दौरान छठ के दो दिन पहले उन्हें एक पुलिस अधिकारी ने सूचना दी कि लूट का एक आरोपित अपने गांव आया हुआ है। अधिकारी ने सुझाव दिया कि छठ के बाद दो दिन बीतने पर उसके खिलाफ छापेमारी की जाए।

काम्या मिश्रा को इस बात पर संदेह हुआ। उन्हें लगा कि आरोपित की गिरफ्तारी टालने के पीछे कोई और वजह हो सकती है।

उन्होंने उसी दिन कार्रवाई करने का फैसला किया और पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचकर आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।

मां रोई, गिड़गिड़ाई, लेकिन नहीं बदला फैसला

काम्या मिश्रा ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपित की मां ने काफी विरोध किया। वह रोईं और गिड़गिड़ाईं। लेकिन पुलिस अधिकारी होने के नाते उन्होंने अपनी जिम्मेदारी निभाई और आरोपित को गिरफ्तार कर थाने ले आईं।

हालांकि, गांव से लौटने के बाद उनके मन में एक अजीब-सा अपराधबोध होने लगा। उन्हें लगा कि अगर दो दिन रुक जातीं तो क्या हो जाता? छठ के ठीक पहले एक मां के बेटे को गिरफ्तार करने से उन्हें भीतर तक बेचैनी हुई।

छठ के बाद ठेकुआ लेकर पहुंची मां ने कह दी ऐसी बात

लेकिन इस पूरे घटनाक्रम का सबसे भावुक हिस्सा छठ के बाद सामने आया। काम्या मिश्रा ने बताया कि त्योहार समाप्त होने के बाद वही महिला उनके पास छठ का प्रसाद लेकर पहुंची, जिसका बेटा उन्होंने गिरफ्तार किया था।

महिला ने उन्हें ठेकुआ दिया और कहा कि मैडम, यह लीजिए। मुझे पता है कि आपने जो किया, वह सही किया। शायद अब मेरा बेटा सही रास्ते पर आ जाएगा।

महिला की यह बात सुनकर काम्या मिश्रा भावुक हो गईं। जिस मां ने गिरफ्तारी के समय रोते हुए अपने बेटे को छोड़ने की गुहार लगाई थी, वही मां बाद में पुलिस अधिकारी के फैसले को सही मानते हुए उनके लिए प्रसाद लेकर पहुंची थी।

'यह बिहार की मां का बड़प्पन है'

काम्या मिश्रा ने इस अनुभव को साझा करते हुए कहा कि यह बिहार की मां का बड़प्पन है। उन्होंने कहा कि बिहार में जिस सहजता और गहराई से भावनाएं और अच्छाई देखने को मिलती हैं, वह उन्हें बहुत प्रभावित करती है।

उनका यह अनुभव बताता है कि छठ की आस्था केवल पूजा-पाठ और व्रत तक सीमित नहीं है। इसके साथ लोगों के मन में क्षमा, स्वीकार्यता और दूसरों के प्रति सम्मान जैसे भाव भी जुड़े हैं।

एक पुलिस अधिकारी के लिए कानून के तहत कार्रवाई करना उसकी जिम्मेदारी है, लेकिन उस कार्रवाई को समझने और सही मानने के लिए एक मां का इस तरह आगे आना काम्या मिश्रा के लिए अविस्मरणीय अनुभव बन गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।