बक्सर में महिला मतदान पदाधिकारियों को सिखाए जा रहे ईवीएम संचालन के गुर
बक्सर में महिला मतदान पदाधिकारियों ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन के तौर-तरीके बताए जा रहे हैं।
बक्सर, जेएनएन। चुनावी डयूटी में लगी महिला पीठासीन से लगायत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों को दो दिवसीय विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। ताकि, वे पूरी तरह से ईवीएम एवं वीवीपैट के संचालन को लेकर आश्वस्त हो लें। बुधवार को इसकी शुरूआत एमपी हाईस्कूल में की गई। इस दौरान सभी प्रखंडों की महिला मतदान पदाधिकारियों को वहां ट्रेंड किया गया।
मास्टर ट्रेनरों ने दी जानकारी
प्रशिक्षण कोषांग के नोडल पदाधिकारी विकास जायसवाल समेत मास्टर ट्रेनरों ने सभी महिला पदाधिकारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया। इस दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुआयना जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी राघवेन्द्र ङ्क्षसह एवं अपर समाहर्ता चंद्रशेखर झा ने किया। इस क्रम में इन अधिकारियों ने भी महिला पदाधिकारियों को ईवीएम के संचालन के बारे में पूरी तरह से आश्वस्त हो लेने का निर्देश दिया। ताकि, आगे चलकर किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
महिलाओं को आश्वस्त करना है मकसद
असल में, ईवीएम और वीवीपैट को आपस में कैसे जोड़ा जाना है, किसका तार किसमें और कहां लगाना है, मॉक पोल कैसे कराना है, मॉक पोल के बाद ईवीएम को कैसे क्लीन करना है, वीवीपैट को उसके साथ कैसे जोडऩा आदि के बारे में महिला पीठासीन पदाधिकारी, प्रथम मतदान पदाधिकारी, द्वितीय मतदान पदाधिकारी एवं तृतीय मतदान पदाधिकारियों को विस्तृत रूप से बताया गया। यही नहीं, ये खुद से इन सब चीजों को कर लें इसकी भी छूट दी गई। नोडल पदाधिकारी ने बताया कि महिलाएं पूरी तरह से आश्वस्त हो लें इसी को लेकर उनका दो दिनों का प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।