By Jagran NewsEdited By: Aysha Sheikh
Published: Sun, 19 Nov 2023 11:52 AM (IST)
Bihar Tourist Place बिहार आने वाले देसी और विदेशी पर्यटकों की पसंद अलग-अलग है। देसी पर्यटकों को राजगीर और पटना ...और पढ़ें
कुमार रजत, पटना। बिहार घूमने वाले हर दूसरे पर्यटक ने राजगीर की सैर की है। पर्यटन विभाग की आंकड़ों के अनुसार, इस साल जनवरी से सितंबर के बीच राज्य में छह करोड़ आठ लाख पर्यटक आए। इनमें तीन करोड़ 24 लाख से अधिक पर्यटकों ने राजगीर भ्रमण किया है।
राजगीर में जुलाई-अगस्त में लगे पुरुषोत्तम मास (मलमास) मेले के कारण भी पर्यटकों की संख्या में बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, सितंबर तक बिहार के विभिन्न पर्यटन केंद्रों पर छह करोड़ आठ लाख 34 हजार 80 पर्यटक आए।
इनमें छह करोड़ पांच लाख 85 हजार 618 देसी पर्यटक रहे, जबकि विदेशी पर्यटकों की संख्या दो लाख 48 हजार 452 दर्ज की गई। पिछले साल की तुलना में विदेशी पर्यटकों की संख्या में तीन गुना वृद्धि हुई है। पिछले साल 2022 में महज 86 हजार 829 विदेशी पर्यटक ही आए थे।
![]()
देसी-विदेशी पर्यटकों की पसंद
देसी पर्यटकों को जहां राजगीर के बाद पटना सबसे अधिक पसंद है। यहां राजगीर के बाद सबसे अधिक 57 लाख 14 हजार देसी पर्यटक घूमने पहुंचे हैं। वहीं विदेशी पर्यटकों की पसंद गया, बोधगया और वैशाली है। इस साल सितंबर तक गया में 58 हजार, वैशाली में 48 हजार 770 जबकि बोधगया में 43 हजार 521 विदेशी पर्यटक घूमने आए। देसी पर्यटकों के मामले में शीर्ष पर रहे राजगीर में 37 हजार 797 विदेशी पर्यटक पहुंचे।
मेलों के कारण जुलाई-अगस्त में बंपर वृद्धि
श्रावणी और पुरुषोत्तम मास (मलमास) मेले में आने वाले पर्यटकों के कारण जुलाई और अगस्त में पर्यटकों की संख्या में बंपर वृद्धि देखी गई है। जुलाई में पर्यटकों की संख्या 1.18 करोड़ दर्ज की गई जो अगस्त में बढ़कर तीन करोड़ 22 लाख हो गई। चार जुलाई से 31 अगस्त तक लगे श्रावणी मेले में ही सिर्फ 77 लाख से अधिक श्रद्धालुओं व पर्यटकों की संख्या दर्ज की गई।