Move to Jagran APP

बिहार: MLC की 11 सीटों के लिए होगा चुनाव, सामाजिक संतुलन हर दल की प्राथमिकता

बिहार विधान परिषद की 11 सीटें 5 मई को खाली हो रही है। इसके लिए अगले माह चुनाव होने हैं। चुनाव में समाजिक संतुलन हर दल की प्राथमिकता होगी।

By Ravi RanjanEdited By: Published: Fri, 23 Mar 2018 12:10 PM (IST)Updated: Sat, 24 Mar 2018 09:20 PM (IST)
बिहार: MLC की 11 सीटों के लिए होगा चुनाव, सामाजिक संतुलन हर दल की प्राथमिकता

पटना [एसए शाद]। विधान परिषद की 11 सीटों पर अगले माह होने वाला चुनाव अपनी टाइमिंग के कारण महत्वपूर्ण हो गया है। यह चुनाव ऐसे समय में हो रहा है जब सामने लोकसभा चुनाव है और उसकी रणनीति बनाने में सभी दल जुट चुके हैं। वहीं, पिछले सप्ताह ही प्रदेश में तीन सीटों पर उपचुनाव हुए और साथ ही राज्यसभा की छह रिक्त सीटों पर भी भाजपा, जदयू, राजद और कांग्रेस ने अपने-अपने उम्मीदवार उतारे जो निर्विरोध निर्वाचित हुए।

loksabha election banner

उपचुनाव और राज्यसभा चुनाव में सभी दलों ने राजनीतिक तकाजे से अधिक संगठनात्मक आवश्यकताओं को ध्यान में रख प्रत्याशी का चयन किया। एकाध सीट पर तो संबंधित पार्टी के सामने कोई विकल्प भी नहीं था। भाजपा से राज्यसभा के लिए रविशंकर प्रसाद का चौथी बार राज्यसभा जाना इस कारण तय था क्योंकि वह वर्तमान में केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल हैं।

परन्तु, ऐसा माना जा रहा है कि विधान परिषद की 11 सीटों पर प्रत्याशी चयन के क्रम में राजनीतिक तकाजों को पूरा करने की सभी दल कोशिश करेंगे। उपचुनाव में प्रमुख दलों के छह प्रत्याशियों में से तीन पिछड़ी या अतिपिछड़ी जाति से थे, जबकि शेष तीन में से दो अगड़ी एवं एक मुस्लिम थे। लेकिन राज्यसभा के लिए सभी दलों ने अगड़ी जाति के ही प्रत्याशी को आगे किया।

दोनों ही चुनावों में दलित का भी प्रतिनिधित्व नहीं था। इस स्थिति को लेकर राजनीतिक हलके में तरह-तरह की चर्चाएं भी हुईं। विशेषज्ञों का मानना है कि ये चर्चाएं अकारण नहीं हैं। राजद और जदयू का आधार वोट पिछड़े एवं अतिपिछड़े हैं। लोकसभा चुनाव में दोनों दल आमने-सामने होंगे।

वहीं, कांग्रेस और भाजपा भी लगातार पिछड़े, अतिपिछड़े एवं दलित वर्ग में अपनी पैठ बढ़ाने के लिए प्रयासरत हैं। राबड़ी देवी, नीतीश कुमार, सुशील कुमार मोदी एवं मंगल पांडेय का विधान परिषद जाना तय है। चुनावी राजनीति के तकाजे इस बात के साफ संकेत हैं शेष सात सीटों पर प्रत्याशी चयन को लेकर सभी दल हर पहलू से मंथन करेंगे। सामाजिक समीकरण की कसौटी पर भी प्रत्याशी तौले जाएंगे।

जो सीटें हुई हैं रिक्त

नाम                                                पार्टी

1.राबड़ी देवी                                     राजद

2. नीतीश कुमार                               जदयू

3. राजकिशोर कुशवाहा                      जदयू

4. संजय सिंह                                  जदयू

5. उपेंद्र प्रसाद                                 जदयू

6. चंदेश्वर प्रसाद चंद्रवंशी                  जदयू

7. नरेंद्र सिंह                                  बर्खास्त

8. सुशील कुमार मोदी                     भाजपा

9. मंगल पांडेय                              भाजपा

10. लाल बाबू प्रसाद                      भाजपा

11. सत्येंद्र कुशवाहा                      मृत्यु

हिस्सेदारी 

पार्टी                                           संख्या

राजद                                          5

भाजपा                                        3

जदयू                                          3


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.