कृषि विज्ञान केंद्र पर लगाए गए उपकरण, मिलेगी सटीक जानकारी
जिला कृषि विज्ञान केंद्र पर मौसम संबंधी आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इससे किसानों को मौसम की सटीक जानकारी मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया कि राज्य के खगड़िया अररिया शेखपुरा पूर्णिया जमुई भागलपुर के जमुई सीतामढ़ी कटिहार गया समेत अन्य जिलों के कृषि विज्ञान केंद्र पर आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं।
पटना । जिला कृषि विज्ञान केंद्र पर मौसम संबंधी आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इससे किसानों को मौसम की सटीक जानकारी मिलेगी। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के निदेशक विवेक सिन्हा ने बताया कि राज्य के खगड़िया, अररिया, शेखपुरा, पूर्णिया, जमुई, भागलपुर के जमुई, सीतामढ़ी, कटिहार, गया समेत अन्य जिलों के कृषि विज्ञान केंद्र पर आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। इससे किसानों को खेती में मदद मिलेगी।
निदेशक ने बताया कि उपकरण लगने से केंद्र से जुड़े विज्ञानी किसानों को सूचना प्रदान करते हैं जिससे उन्हें काफी मदद मिलती है। जिलों के कृषि विज्ञान केंद्र पर लगे उपकरण से मौसम विज्ञान केंद्र पटना को भी मौसमी संबंधी जानकारी प्राप्त होते रहती है। जिसके आधार पर सूचना प्रसारित की जाती है। कृषि विज्ञान केंद्र से जुडे़ किसान भाईयों को जानकारी देने के लिए उनसे सीधा संपर्क भी किया जाता है। इसके लिए वाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है ताकि किसानों को मौसमी संबंधी सटीक जानकारी मिल सके।
सूचना नेटवर्क दुरुस्त
करने का प्रयास
शहर में मौसम संबंधी सूचना को और मजबूत बनाने को लेकर नेटवर्क दुरुस्त करने की दिशा में मौसम विज्ञान केंद्र पटना काम करेगा। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक की मानें तो मौसम सूचना नेटवर्क दुरुस्त करने को लेकर कंकड़बाग और पटना सिटी के इलाके में आब्जरवेटरी की तैयारी चल रही है। इसमें अभी कुछ वक्त लगेगा। इन जगहों पर उपकरण लगने से हवा की गति, हवा की दिशा, तापमान, आर्द्रता का सटीक आकलन हो सकेगा।
--------- 'एगो-ए-डब्लूएस' उपकरण
से किसान होंगे लाभान्वित
जिलों के कृषि विज्ञान केंद्र पर लगाए गए 'एगो-ए-डब्लूएस' उपकरण से मौसम के जानकारी के अलावा कृषि से जुड़ी जानकारी प्राप्त होती है। मौसम विज्ञानी की मानें तो इसमें लगे सेंसर से मिट्टी की आद्रर्ता के साथ हवा का प्रेशर, तापमान आदि के बारे में जानकारी मिलती है, जिससे किसान भाइयों को अवगत कराया जाता है। इससे खेती-किसानी कार्यो में आसानी होती है। उपकरण के जरिए सभी पैरामीटर के बारे में जानकारी मिलती है।