चुनावी चौपाल: मतदाताओं ने बेबाक होकर रखी अपनी बात, कहा-शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार की जरूरत
राजवंशी नगर के नवीन सिन्हा पार्क में दैनिक जागरण की चुनावी चौपाल में मतदाताओं ने बेबाक होकर अपनी बातें रखीं। कुछ ने विधि व्यवस्था में सुधार पर वोट देने की बात कही तो कुछ ने शिक्षा और स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने से असंतुष्टि जताई।
पटना, जेएनएन। शिक्षित मुख्यमंत्री चाहिए। हर समस्या में साथ देने वाला विधायक। शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था में और सुधार की जरूरत है। इसके लिए काफी संख्या में लोगों को घर से बाहर निकल मतदान करना होगा बांकीपुर और दीघा विधानसभा क्षेत्र की सीमा पर स्थित राजवंशी नगर के नवीन सिन्हा पार्क में दैनिक जागरण की चुनावी चौपाल में मतदाताओं ने बेबाक होकर अपनी बातें रखीं।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने वाली चाहिए सरकार
इंद्रपुरी के मनोज सिंह ने कहा, विधि व्यवस्था में सुधार के नाम पर वोट देंगे। रात में महिला-पुरुष सभी बिना भय के कहीं आ-जा रहे हैं। जंदाहा का मूल निवासी हूं। पहले जाने में दिन भर लग जाता था। अब ऐसा नहीं है। एजी कॉलोनी के रवि चंद्रा कहते हैं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने वाली सरकार चाहिए। स्वास्थ्य व्यवस्था में और सुधार हो।
समाजसेवी गोविंद कुमार कहते हैं, रोजगार बड़ा मुद्दा है। योजनाबद्ध होकर कार्य करने की जरूरत है। इंद्रपुरी के राकेश पांडेय का कहना है कि बदलाव आया है। राजवंशी नगर के रवि कुमार कहते हैं, बेहतर शिक्षा देने वाली सरकार चाहिए। राजवंशी नगर के अभिषेक कुमार का कहना है कि रोजगार और शिक्षा पर ध्यान देने की जरूरत है।
पहले से सुधरी है विधि व्यवस्था
राजीव नगर के सोनू कुमार कहते हैं, शिक्षित जनप्रतिनिधि चुनेंगे। पुनाईचक के नाग नारायण सिंह कहते हैं, विधि व्यवस्था पहले से सुधरी है। शिक्षा के क्षेत्र में और सुधार की जरूरत है। दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि पटना में सड़कों और फ्लाईओवरों का जाल बिछ गया है। कंकड़बाग जाने में सोचना पड़ता था। अब स्थिति सुधरी है। विधि व्यवस्था में भी सुधार हुई है। योजनाओं को तय समय पर धरातल पर उतारने वाली सरकार चाहिए।
सिक्स लेन सड़क बनने से राहत
राजीव नगर के अशोक कुमार कहते हैं, राजीवनगर, इंद्रपुरी सहित एक दर्जन मोहल्ले में और विकास की जरूरत है। सिक्स लेन सड़क बन जाने से स्थिति बदल गई। डॉ. दिनेश कुमार का कहना है कि कई कल्याणकारी योजनाएं चल रही हैंं। विकास कराने वाली सरकार चाहिए।
भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगाने की जरूरत
पटेल नगर के राजन कुमार का कहना है कि स्वास्थ और शिक्षा व्यवस्था और सुधार की जरूरत है। सत्यम भारती ने कहा कि हमेशा क्षेत्र की चिंता करने वाला विधायक चाहिए। शिक्षा-स्वास्थ पर विशेष ध्यान देने वाला मुख्यमंत्री चाहिए। सुशील कुमार का कहना है कि भ्रष्टाचार पर पूरी तरह अंकुश लगाने की जरूरत है।