विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 10, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

मोहर्रम जुलूस में लाठी से करतब दिखाते गिर पड़े बुजुर्ग, वीडियो में कैद हुई मौत की तस्‍वीर, अरवल की घटना

By Vyas ChandraEdited By:
Published: Wed, 10 Aug 2022 10:03 AM (IST)

मौत कैसे चुपके से आ जाती है बिहार के अरवल में फिर इसकी बानगी दिखी है। मोहर्रम जुलूस के दौरान ...और पढ़ें

करतब दिखाते कुछ यूं गिर पड़े बुजुर्ग। फोटो-इंटरनेट मीडिया
करतब दिखाते कुछ यूं गिर पड़े बुजुर्ग। फोटो-इंटरनेट मीडिया

कुर्था (अरवल), संवाद सहयोगी। कुर्था थाना क्षेत्र के शकुराबाद मोड़ पर मोहर्रम जुलूस में अखाड़े के दौरान लाठी की कलाबाजी दिखाने के दौरान सबके बीच ही एक बुजुर्ग ने दम तोड़ दिया। मृतक कुर्था डीह निवासी मो. इसहाक अंसारी थे। समझा जाता है कि हृदयाघात से उनकी मौत हो गई। इससे अचानक वहां मातम पसर गया। जुलूस को बीच में ही रोक दिया गया। 

यह भी पढ़ें: Bihar Politics: नई सरकार में मुजफ्फरपुर के इन नेताओं की लग सकती है लाटरी, बढ़ सकता है जिले का प्रतिनिधित्व

वायरल हुआ मौत का लाइव वीडियो

बताया जाता है कि शकुराबाद मोड़ के समीप लोग लाठियां भांजकर करतब दिखा रहे थे। इसी में यह हादसा हुआ। घटना का वीडियो भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि इसहाक अंसारी लाठी भांजते-भांजते अचानक रुक जाते हैं। इसके बाद वे आगे की ओर गिर जाते हैं। लोग दौड़े। उन्‍हें उठाया।  उन्हें आनन फानन लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से रेफर कर दिया गया। लेकिन सदर अस्‍पताल में डाक्‍टर ने जांचोपरांत मृत घोषित कर दिया। अखाड़े में मौत की खबर से लोग मर्माहत हैं। कुर्था डीह में मोहर्रम का मेला को जल्द ही समाप्‍त कर दिया गया।

हार्ट अटैक से मौत की आशंका 

लोगों का कहना है कि इसहाक अंसारी लाठी भांजने में निपुण थे। उनका करतब देख लोग दांतों तले उंगलियां दबा लेते थे। वे मोहर्रम जुलूस में आंखों पर काली पट्टी बांधकर करतब दिखाते थे। इस बार भी उन्‍होंने लाठी का करतब दिखाना शुरू किया। लाठियां चलाते समय उनकी रफ्तार थोड़ी कम हुई। वे आगे की ओर झुके, लाठी को जमीन पर रखा और उसी पर मुंह के बल गिर पड़े। चारों ओर खड़े लोग दौड़े। उन्‍हें अस्‍पताल ले जाया गया। लेकिन उनके मौत की खबर आते ही माहौल गमगीन हो गया। जुलूस को बीच में ही रोक दिया गया। बताया जाता है कि पुलिस ने शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया।