सिर्फ नारियल और चीनी से बनाएं स्वादिष्ट बर्फी, न ज्यादा मेहनत और न लंबी तैयारी; नोट करें आसान रेसिपी
यह लेख घर पर आसानी से नारियल की बर्फी बनाने की विधि बताता है, जो त्योहारों और खास मौकों के लिए शुद्ध और स्वादिष्ट विकल्प है।

नारियल बर्फी के साथ उमा देवी। सौ-स्वयं
HighLights
कम सामग्री और मेहनत से बनती है स्वादिष्ट बर्फी।
त्योहारों और मेहमानों के लिए शुद्ध मिठाई का विकल्प।
चीनी और नारियल से तैयार करें पारंपरिक भारतीय मिठाई।
जागरण संवाददाता, पटना। त्योहार हो या घर में कोई खास मौका, मीठे के बिना खुशियां अधूरी लगती हैं। ऐसे में अगर बाजार की मिठाइयों में मिलावट की आशंका सताती है तो घर पर ही स्वादिष्ट नारियल की बर्फी तैयार कर सकते हैं।
खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए न तो बहुत सारी सामग्री की जरूरत है और न ही घंटों की मेहनत। नारियल, चीनी और इलायची से तैयार होने वाली यह पारंपरिक मिठाई बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को पसंद आती है।
राजा बाजार निवासी उमा देवी ने घर पर नारियल की बर्फी बनाने की आसान विधि साझा की है। उनका कहना है कि बाजार में मिलने वाली मिठाइयों की शुद्धता को लेकर लोगों के मन में अक्सर सवाल रहते हैं।
ऐसे में घर पर बनी मिठाई स्वाद के साथ सामग्री की शुद्धता पर भी नियंत्रण रखने का मौका देती है। इसे कम समय में तैयार कर परिवार के सदस्यों को परोस सकते हैं या मेहमानों के सामने भी रख सकते हैं।
कम सामग्री में तैयार होगी स्वादिष्ट मिठाई
नारियल की बर्फी बनाने के लिए एक कप पानी, एक कप चीनी, नारियल का बुरादा और स्वाद के अनुसार इलायची पाउडर की जरूरत होगी। इसके अलावा थाली या ट्रे को चिकना करने के लिए थोड़ा घी रख लें।
ऐसे बनाएं नारियल की बर्फी
सबसे पहले कड़ाही में एक कप पानी और चीनी डालकर चाशनी तैयार करें। चाशनी डेढ़ तार की हो जाए तो इसमें नारियल का बुरादा डाल दें।
धीमी आंच पर दो से तीन मिनट तक लगातार चलाते हुए पकाएं। जब मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो इसमें इलायची पाउडर मिला दें।
अब एक थाली या ट्रे में थोड़ा घी लगाकर चिकना कर लें। तैयार मिश्रण को इसमें डालकर समान रूप से फैला दें। इसे करीब एक घंटे तक ठंडा होने और जमने के लिए छोड़ दें। मिश्रण अच्छी तरह सेट हो जाए तो चाकू से मनचाहे आकार में काट लें। इस तरह घर पर ही स्वादिष्ट नारियल की बर्फी तैयार हो जाएगी।
त्योहार और मेहमानों के लिए भी अच्छा विकल्प
नारियल की बर्फी को त्योहारों, पारिवारिक आयोजनों या अचानक घर आए मेहमानों के लिए भी तैयार किया जा सकता है।
इसे पहले से बनाकर कुछ समय तक रखा जा सकता है, हालांकि सुरक्षित रखने के लिए साफ और सूखे एयरटाइट डिब्बे का इस्तेमाल करना बेहतर होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।