Coconut Laddoo Recipe: नारियल के लड्डू का ऐसा स्वाद कि खाते ही हो जाएंगे फैन, घर में मौजूद 4 चीजों से बाजार जैसी मिठाई
Coconut Laddoo Recipe: घर पर कम सामग्री से स्वादिष्ट नारियल के लड्डू बनाने की आसान विधि बताई गई है। यह मिठाई त्योहारों और मेहमानों के लिए एक बेहतरीन विकल्प है, जिसे मिनटों में तैयार किया जा सकता है।

नारियल के लड्डू
HighLights
कम सामग्री में आसानी से बनने वाली मिठाई।
त्योहारों और मेहमानों के लिए बेहतरीन विकल्प।
नारियल, दूध, चीनी, इलायची से तैयार करें।
जागरण संवाददाता, पटना। मीठा खाने का मन हो और घर में ज्यादा सामग्री मौजूद न हो, तो नारियल के लड्डू एक बेहतरीन विकल्प हैं। नारियल की सौंधी खुशबू, दूध की मलाईदार मिठास और इलायची का स्वाद इन लड्डुओं को खास बना देता है।
इसे बनाने में न तो ज्यादा मेहनत लगती है और न ही अधिक खर्च होता है। त्योहार, पूजा-पाठ या अचानक घर आए मेहमानों के लिए यह मिठाई आसानी से तैयार की जा सकती है।
अनीसाबाद की रंजना कुमारी ने नारियल के लड्डू बनाने की आसान रेसिपी साझा की है। उनकी बताई विधि से कम सामग्री में स्वादिष्ट मिठाई तैयार की जा सकती है। आइए जानते हैं इसकी सामग्री और बनाने का आसान तरीका।
नारियल के लड्डू बनाने के लिए सामग्री
- - कद्दूकस किया हुआ नारियल – 2 कप
- - दूध – 1 कप
- - चीनी – आधा कप (स्वादानुसार)
- - इलायची पाउडर – आधा छोटा चम्मच
इस तरह करें नारियल के लड्डू तैयार
सबसे पहले नारियल को अच्छी तरह साफ करके कद्दूकस कर लें। अब गैस पर कड़ाही रखें और उसमें कद्दूकस किया हुआ नारियल डालें। मध्यम आंच पर नारियल को हल्का सुनहरा होने तक भूनें। ध्यान रखें कि नारियल जले नहीं, इसके लिए लगातार चलाते रहें।
दूध और चीनी से तैयार करें मिश्रण
जब नारियल हल्का भुन जाए, तब इसमें दूध डाल दें। अब लगातार चलाते हुए मिश्रण को पकाएं। धीरे-धीरे दूध गाढ़ा होने लगेगा। जब दूध काफी हद तक सूख जाए, तब इसमें चीनी मिला दें। इसके बाद मिश्रण को अच्छी तरह चलाते हुए पकाएं, ताकि चीनी पूरी तरह घुल जाए।
इलायची डालकर दें खुशबूदार स्वाद
जब मिश्रण गाढ़ा होकर कड़ाही छोड़ने लगे और उसका अतिरिक्त पानी सूख जाए, तब इसमें इलायची पाउडर डालें। इसे अच्छी तरह मिलाकर गैस बंद कर दें। अब तैयार मिश्रण को थोड़ी देर ठंडा होने के लिए छोड़ दें, ताकि इसे आसानी से आकार दिया जा सके।
हाथों से गोल आकार देकर बनाएं लड्डू
मिश्रण हल्का ठंडा हो जाए तो हाथों में थोड़ा सा मिश्रण लेकर गोल-गोल लड्डू बना लें। इसी तरह पूरे मिश्रण से छोटे या बड़े आकार के लड्डू तैयार कर लें। तैयार लड्डुओं को प्लेट में सजाकर परोसें।
त्योहार और मेहमानों के लिए है खास मिठाई
नारियल के लड्डू स्वाद के साथ-साथ बनाने में भी बेहद आसान हैं। कम सामग्री में तैयार होने वाली यह मिठाई बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आ सकती है। त्योहारों पर घर में मिठास घोलनी हो या अचानक मीठा खाने का मन करे, तो नारियल के लड्डू एक अच्छा विकल्प हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।