यूपी से शराब पीकर आया पति, नशे में केरोसिन छिड़ककर पत्नी को लगा दी आग
पश्चिमी चंपारण के लौरिया में एक शराबी पति यूपी से शराब पीकर आया और पत्नी के शरीर पर केरोसिन तेल छिड़ककर जिंदा जलाने का प्रयास किया। पुलिस ने पति को गिरफ्तार कर लिया है।
पश्चिमी चंपारण [जेेएनएन]। लौरिया में एक शराबी पति ने अपनी पत्नी को केरोसिन छिड़क जिंदा जला कर मारने का प्रयास किया है। घटना थाना क्षेत्र के फुलवरिया बारी टोला की है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना को अंजाम देने वाले प्रभु साह को गिरफ्तार कर लिया है।
वही गंभीर रूप से जली महिला ज्ञानती देवी को पीएचसी में भर्ती कराया गया है। थानाध्यक्ष अरूण कुमार ने बताया कि पीड़िता के बयान पर उसके पति और फुलवरिया निवासी प्रभु साह को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी मेडिकल जांच भी करायी गयी, जिसमें शराब पीने की पुष्टि हुई है।
उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है। जानकारी के अनुसार प्रभु साह गुरूवार को उत्तरप्रदेश से घर लौटा। वह नशे में धुत था। घर पहुंचते ही ज्ञानती ने कहा कि आप फिर शराब पी लिए हैं जबकि परिवार कर्ज में डूबा हुआ है।
इस बात को सुनते ही प्रभु आग बबूला हो गया। ज्ञानती की जमकर पिटाई कर दी और फिर केरोसिन छिड़क जलाकर मारने का प्रयास करने लगा। हो हल्ला सुन आसपास के लोगों ने महिला को बचाया और इसकी सूचना पुलिस को भी दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अरूण कुमार सदलबल घटनास्थल पहुंचे और आग से गंभीर रूप से झुलसी ज्ञानती को ग्रामीणों की मदद से अस्पताल पहुंचवाया और मौके पर ही प्रभु साह को हिरासत में ले लिया।