डीएम ने उठाई झाड़ू तो सफाई करने लगे अधिकारी
जिलाधिकारी कुमार रवि ने जब झाड़ू उठाया और कलेक्ट्रेट घाट की सफाई खुद करने लगे। उन्हें देख अधिकारी भी जुट गए।
पटना। जिलाधिकारी कुमार रवि ने जब झाड़ू उठाया और कलेक्ट्रेट घाट की सफाई खुद करने लगे तो देखते ही देखते सारे अधिकारी भी अभियान में जुट गए। डीडीसी आदित्य प्रकाश शुरू से अंत तक सफाई करते रह गए। घाट की सफाई के बाद डीएम ने कलेक्ट्रेट घाट पर पौधरोपण किया।
जिला गंगा समिति की तरफ से आयोजित सफाई अभियान बीएन कॉलेज घाट से प्रारंभ हुआ। कलेक्ट्रेट घाट पर गंगा के जल स्तर में कमी आने के कारण गंदगी का अंबार लग गया था। पूजा सामग्री का ढेर लगा हुआ था। इस अभियान में 60 से अधिक जीविका दीदियों ने भी भाग लिया। सफाई अभियान में आशुतोष कुमार वर्मा, वजैनउद्दीन अंसारी, पंकज कुमार, अवधेश राम आदि ने भाग लिया।
: गंगा को स्वच्छ रखें, न फेंकें पूजा सामग्री :
जिलाधिकारी कुमार रवि ने शहरवासियों से अपील की है कि गंगा में पूजा सामग्री न फेकें। पालीथीन के साथ कूड़ा फेंके जाने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। शहर के हर व्यक्ति का दायित्व है कि गंगा को स्वच्छ रखे। इसमें गिर रहे गंदे पानी को रोकने के लए कार्य हो रहे हैं। गंगा हमारी पौराणिक विरासत है।
: कलेक्ट्रेट घाट की प्रतिदिन होगी सफाई :
जिलाधिकारी ने कहा कि कलेक्ट्रेट घाट की प्रतिदिन सफाई होगी। नगर निगम यहां की सफाई कराएगा। पूजा सामग्री को डस्टबिन में रखवाएगा। नगर निगम को प्रत्येक घाट की सफाई कराने का निर्देश दिया गया।
: गंगा रिवर फ्रंट को न करें गंदा :
जिलाधिकारी ने कहा कि गंगा रिवर फ्रंट काफी खूबसूरत है। इसे लोग गंदा कर रहे हैं। गंदा न करें। इस तरफ प्रशासन की अब नजर रहेगी तथा गंदगी फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। रिवर फ्रंट पर असामाजिक तत्व मिलेंगे तो उनपर सख्त कार्रवाई होगी।
: स्वच्छता के लिए निर्धारित कार्यक्रम :
- 26 सितंबर : गांधी घाट पर चौपाल लगेगी। इसमें कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, जिला जल एवं स्वच्छता समिति के पदाधिकारी-कर्मचारी एवं स्वच्छाग्रही भाग लेंगे। गंगा की स्वच्छता पर चर्चा होगी।
- 27 सितंबर : गंगा की स्वच्छता एवं संरक्षण विषय पर चित्रकारी, रंगोली, निबंध प्रतियोगिता करीब दस सरकारी विद्यालयों में होगी।
- 29 सितंबर : पटना कॉलेज के छात्र-छात्राओं एवं अन्य समूहों के बीच स्वच्छता, जल संरक्षण, अपशिष्ट प्रबंधन आदि के संबंध में विभिन्न क्षेत्र के विशेषज्ञों द्वारा कार्यशाला का आयोजन होगा।