दीपावली में अब रंगोली बनाना हुआ आसान, इन 2 तरीकों से चुटकियों में सज जाएगी घर की देहरी
दीपावली पर घर की देहरी सजाने के लिए रंगोली बनाने की परंपरा है, जिसमें अब एआई की मदद से मनपसंद ...और पढ़ें

रंगोली की सांकेतिक फोटो
HighLights
एआई से मनपसंद रंगोली डिजाइन के आइडिया प्राप्त करें।
रेडीमेड सांचों का उपयोग कर आसानी से आकर्षक रंगोली बनाएं।
रंगोली बनाते समय धार्मिक मर्यादा और सुरक्षा का ध्यान रखें।
जागरण संवाददाता, पटना। दीपावली पर रंगोली बनाने की परंपरा सालों से चली आ रही है। 'राम आएंगे तो अंगना सजाऊंगी' की भावना के साथ त्योहार की शाम घरों की देहरी रंगों से सज उठती है।
पहले लोग अपनी कल्पना और पारंपरिक आकृतियों के सहारे रंगोली बनाते थे, लेकिन अब डिजाइन चुनने में भी तकनीक मददगार बन रही है। एआइ की मदद से मनपसंद रंगोली के डिजाइन तैयार किए जा सकते हैं।
घर के फर्श, उपलब्ध जगह और पसंद के अनुसार अलग-अलग डिजाइन के सुझाव मिल सकते हैं। ऐसे में जिन लोगों को रंगोली बनाना नहीं आता, वे भी आसानी से आकर्षक आकृतियां तैयार कर सकते हैं।
रंगोली की खूबसूरती में रंगों का चुनाव भी अहम है। खासकर काले या गहरे रंग के फर्श पर पीला, सफेद, गुलाबी, नारंगी और हरा रंग अधिक उभरकर दिखाई देता है।
वहीं, हल्के रंग के फर्श पर गहरे रंगों का इस्तेमाल अच्छा रहता है। फूलों की पंखुड़ियों, चावल के आटे और छोटे दीयों से रंगोली को और आकर्षक बनाया जा सकता है।
एआइ से लें डिजाइन का आइडिया
रंगोली बनाने से पहले एआइ टूल पर अपनी पसंद बताकर डिजाइन तैयार कराया जा सकता है। कमल, मोर, दीपक, फूलों की बेल या ज्यामितीय आकृतियों वाली रंगोली का डिजाइन मांगा जा सकता है।
यदि जगह कम है तो छोटे आकार का और आंगन बड़ा है तो विस्तृत डिजाइन तैयार करने का सुझाव लिया जा सकता है। तैयार डिजाइन को देखकर चाक से फर्श पर उसकी रूपरेखा बनाएं और फिर रंग भरें। इससे रंगोली बनाने में आसानी होगी और डिजाइन बिगड़ने की आशंका भी कम रहेगी।
बाजार में मिल रहे हैं रेडीमेड सांचे
अगर हाथ से रंगोली बनाना मुश्किल लगता है, तो बाजार में 50 से 300 रुपये तक के प्लास्टिक और ऐक्रेलिक रंगोली सांचे उपलब्ध हैं। इनमें कमल, मोर, मंडला, स्वस्तिक और दीपक जैसे डिजाइन मिलते हैं।
सांचे को फर्श पर रखकर उसमें रंग भरने से कुछ ही मिनटों में रंगोली तैयार हो जाती है। यह विकल्प कम समय में सजावट करने वालों के लिए उपयोगी है।
फूलों और रंगों से ऐसे सजाएं देहरी
रंगोली बनाने के लिए सबसे पहले फर्श को साफ कर लें। चाक से पसंदीदा डिजाइन की रूपरेखा तैयार करें। इसके बाद लाल, पीला, हरा, नीला, गुलाबी, नारंगी और सफेद रंगों से आकृति भरें।
गेंदे और गुलाब की पंखुड़ियों से किनारों को सजाया जा सकता है। गोलाकार रंगोली में बीच में गुलाब की पंखुड़ियों से फूल बनाएं और चारों ओर गेंदे की पंखुड़ियों की परत लगाएं।
कमल की रंगोली में गुलाबी और लाल रंग के साथ सफेद किनारी अच्छी लगती है। वहीं मोर की आकृति में नीले, हरे और पीले रंगों का मेल आकर्षक दिखाई देता है। दीपक, स्वस्तिक, ओम और कलश जैसी पारंपरिक आकृतियां भी बनाई जा सकती हैं।
धार्मिक आकृतियों के इस्तेमाल में रखें ध्यान
रंगोली बनाते समय धार्मिक प्रतीकों की मर्यादा का ध्यान रखना जरूरी है। देवी-देवताओं के चित्र या ऐसी आकृतियां फर्श पर बनाने से बचना चाहिए, जिन पर लोगों के पैर पड़ें या बाद में झाड़ू लगाते समय वे बुहार दी जाएं।
इसके बजाय फूलों, दीपक, कमल, स्वस्तिक और पारंपरिक बेल-बूटों के डिजाइन चुने जा सकते हैं। मां लक्ष्मी के चरण बनाने हों तो उन्हें भी ऐसी जगह बनाएं, जहां उन पर पैर न पड़े।
रंगोली बनाते समय बरतें सावधानी
- रंगोली बनाने से पहले फर्श को अच्छी तरह साफ और सूखा लें।
- त्वचा को नुकसान पहुंचाने वाले रासायनिक रंगों की जगह सुरक्षित रंगों का इस्तेमाल करें।
- गहरे रंग के फर्श पर हल्के और चमकीले रंग चुनें, ताकि डिजाइन साफ दिखाई दे।
- रंगोली ऐसी जगह बनाएं जहां लोगों के आने-जाने में परेशानी न हो।
- दीयों को फूलों, कपड़ों और अन्य ज्वलनशील सजावटी सामान से दूर रखें।
- रंगोली के आसपास तेल या पानी न गिरने दें, ताकि फिसलने का खतरा न रहे।
- धार्मिक चित्रों को फर्श पर बनाने से बचें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।