दीपावली के बाद पटना समेत बिहार के 17 शहरों का AQI 300 पार, बेगूसराय 548 के साथ सबसे आगे
दीपावली की आतिशबाजी के बाद बिहार के कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है, जिससे हवा की गुणवत्ता 'बेहद खराब' श्रेणी में पहुंच गई है।

पटना के आसमान में छाया धुआं। जागरण
HighLights
दीपावली आतिशबाजी से बिहार के शहरों में वायु प्रदूषण बढ़ा।
बेगूसराय, मुजफ्फरपुर में AQI बेहद खराब स्तर पर पहुंचा।
सांस के मरीजों, बच्चों, बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह।
डिजिटल डेस्क, पटना। दीपावली की रात हुई जमकर आतिशबाजी का असर अब बिहार के शहरों की हवा पर दिखने लगा है। पटाखों से निकले धुएं के कारण कई शहरों में वायु प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है।
सोमवार सुबह तक हवा की गुणवत्ता सामान्य नहीं हो सकी थी। बेगूसराय, मुजफ्फरपुर, बक्सर और मुंगेर समेत 17 शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) बेहद खराब स्तर पर दर्ज किया गया।
रविवार को दिन ढलते ही पटाखों की आवाज से आसमान गूंजने लगा। देर रात तक आतिशबाजी का सिलसिला जारी रहा। कुछ ही देर में कई इलाकों में धुएं और धुंध की परत छा गई।
इससे दृश्यता प्रभावित हुई। हवा में घुले धुएं और प्रदूषण के कारण सांस संबंधी परेशानी वाले लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

बेगूसराय की हवा सबसे ज्यादा प्रदूषित, पटना भी खराब स्थिति में
AQI.in वेबसाइट पर सोमवार सुबह उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, बेगूसराय का AQI 548 दर्ज किया गया। मुजफ्फरपुर 450 के साथ दूसरे और बक्सर 436 के साथ तीसरे स्थान पर रहा।
मुंगेर में वायु गुणवत्ता सूचकांक 400, समस्तीपुर में 371 और दरभंगा में 351 दर्ज किया गया। पटना का AQI 308 और आरा का 309 रहा।
पटना में दीपावली की रात प्रदूषण का स्तर और भी अधिक दर्ज किया गया था। AQI.in के अनुसार, देर रात शहर का AQI 998 के पार पहुंच गया था। हालांकि, सोमवार सुबह तक इसमें गिरावट दर्ज की गई, लेकिन हवा की गुणवत्ता में सुधार नहीं हो सका।
बच्चों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी की जरूरत
पटाखों के धुएं में मौजूद सूक्ष्म कण और हानिकारक गैसें सांस के जरिए शरीर में पहुंच सकती हैं। इससे अस्थमा और सांस संबंधी दूसरी बीमारियों से परेशान लोगों को दिक्कत हो सकती है।
बच्चों और बुजुर्गों पर भी प्रदूषित हवा का असर अधिक पड़ सकता है। ऐसे में लोगों को सुबह और शाम के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना चाहिए।
खासकर सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को खुले में व्यायाम और ज्यादा शारीरिक मेहनत करने से परहेज करना चाहिए। बाहर निकलना जरूरी हो तो अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क इस्तेमाल करना उपयोगी हो सकता है।
मौसम शुष्क रहने का अनुमान, बारिश की संभावना नहीं
नवंबर का दूसरा सप्ताह शुरू होने के बावजूद मौसम में अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। सुबह और रात में हल्की ठंडक है, जबकि दिन में गर्मी का अहसास हो रहा है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले 24 घंटे के दौरान राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। किसी भी जिले में आंधी या वर्षा की संभावना नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।