भोजपुरी फिल्म अवार्ड 2017: निरहुआ और आम्रपाली का छाया जलवा
भोजपुरी फिल्म अवार्ड 2017 के बेस्ट एक्टर का अवार्ड दिनेशलाल यादव निरहुआ और बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड आम्रपाली दुबे और बेस्ट फिल्म का अवार्ड होगी प्यार की जीत को मिला।
पटना [जेएनएन]। भोजपुरी फिल्मों के इस साल के बेस्ट एक्टर रहे दिनेशलाल यादव निरहुआ और बेस्ट एक्ट्रेस रहीं आम्रपाली दुबे और बेस्ट फिल्म रही होगी प्यार की जीत। वहीं, पवन सिंह ने बेस्ट पॉपुलर मेल और रानी चटर्जी ने बेस्ट पॉपुलर फिमेल का अवार्ड अपने नाम किया। भोजपुरी फिल्म अवार्ड 2017 का आयोजन 19 नवंबर, शुक्रवार को मुंबई में किया गया था।
बेस्ट एक्टर बने दिनेश, बेस्ट एक्ट्रेस बनीं आम्रपाली
फिल्म 'राम लखन' में दमदार एक्टिंग के चलते दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ को बेस्ट एक्टर का अवार्ड मिला और आम्रपाली दुबे को फिल्म 'बम बम बोल रहा है काशी' के लिए बेस्ट एक्ट्रेस का अवार्ड मिला।
अवधेश मिश्रा को फिल्म 'ज्वाला' के लिए बेस्ट निगेटिव रोल का अवार्ड मिला।
फिल्म 'होगी प्यार की जीत' के लिए ब्रिजेश त्रिपाठी को बेस्ट सपोर्टिंग एक्टर का अवार्ड मिला। वहीं, शुभी शर्मा को फिल्म 'दुल्हन चाही पाकिस्तान से' के लिए। संजय महानंदा को फिल्म 'राम लखन' के लिए बेस्ट कॉमेडियन का अवार्ड मिला।
बेस्ट डेब्यू मेल अवार्ड निसार खान को फिल्म 'शिव रक्षक' के लिए के लिए मिला। वहीं, अंतरा बनर्जी को फिल्म 'बम बम बोल रहा है काशी' के लिए बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस का अवार्ड मिला। बेस्ट आइटम सांग का अवार्ड सीमा सिंह को फिल्म 'गदर' के लिए मिला। वहीं बेस्ट पीआरओ संजय भूषण पटियाला को चुना गया।
भोजपुरी सिनेमा का शुरूआत सन 1962 में हुई थी
बता दें कि भोजपुरी सिनेमा की शुरूआत सन 1962 में हुई थी, जब भोजपुरी की कई फिल्मों को काफी सराहना मिली थी। उसके बाद भी भोजपुरी सिनेमा ने कई रंग देखे। साल 2005 में विनोद गुप्ता ने फिल्मकारों को सम्मानित करने के लिए ‘भोजपुरी फिल्म अवार्ड’ की शुरूआत की।
भारतीय सिनेमा के इतिहास में सबसे बड़े आइकन दिलीप कुमार ने फिल्म अवार्ड समारोह का जो उद्घाटन दीप जलाया था, वो आज तक बिना किसी रूकावट के सफलतापूर्वक हर साल प्रज्वलित किया जाता है। भोजपुरी सिनेमा के महाकुंभ ‘भोजपुरी फिल्म अवार्ड’ के ब्रांड एंबेसडर बॉलीवुड के लोकप्रिय सुपर स्टार गोविंदा रह चुके हैं।