बरसात में भी चालू रहेगा दीघा-आर ब्लॉक सड़क का निर्माण कार्य
पटना। दीघा से आर ब्लॉक के मध्य बन रही सिक्स लेन सड़क के निर्माण कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है।
पटना। दीघा से आर ब्लॉक के मध्य बन रही सिक्स लेन सड़क के निर्माण कार्य ने अब रफ्तार पकड़ ली है। दिन के साथ दूधिया लाइट में रात में भी सड़क का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। बिहार स्टेट रोड डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएसआरडीसी) की निगरानी में सड़क का निर्माण हो रहा है। निगम के अधिकारियों के अनुसार एजेंसी की ओर से कराए जा रहे कार्यो की लगातार निगरानी हो रही है। निर्माण कार्य को तय सीमा से पहले पूरा कर लिया जाए, इसके लिए बरसात के दौरान भी कार्य चालू रहेगा। इसके लिए बालू व अन्य आवश्यक सामग्री को एकत्र कर लिया गया है। बारिश के दौरान कल्वर्ट, माइनर ब्रिज, ओवरब्रिज व बिना अलकतरा वाले कार्यो को पूरा कराया जाएगा। आर ब्लॉक-दीघा रेलखंड पर ऊपरी पुल सहित छह लेन की सड़क का निर्माण दो चरणों में कराया जाना है। पहले चरण में आर ब्लॉक से दीघा तक 6.3 किलोमीटर तक सड़क बनाई जाएगी। दूसरे चरण में दीघा से जेपी सेतु तथा दीघा से दीदारगंज गंगा पथ में इसका मिलान किया जाएगा। इससे राजधानीवासियों को जाम से काफी हद तक राहत मिलेगी।
- - - - - - - - -
हड़ताली मोड़ फ्लाईओवर के 28 में 15 पाइल का कार्य तेज
दीघा-आर ब्लाक सड़क पर तीन जगहों पर फ्लाईओवर बनाया जाना है। यह बेली रोड पर हड़ताली मोड़ के पास, शिवपुरी एवं राजीव नगर में बनना है। सभी के लिए मिट्टी जांच के बाद कार्य आरंभ कर दिया गया है। हड़ताली मोड़ के पास बनने वाले फ्लाईओवर में 28 पाइल का कार्य होना है। इसमें 15 पाइल तक कार्य तेजी से चल रहा है। सभी जगहों पर फ्लाईओवर को भविष्य की मेट्रो परियोजना को दृष्टिगत रखकर बनाया गया है। इसके अतिरिक्त तीन जगहों पर अंडरपास नाला होने की स्थिति में इन सभी जगहों पर कल्वर्ट बनाने की कवायद तेजी से चल रही है। आर ब्लॉक के अलावा कुर्जी नाला, शिवपुरी, महेश नगर में कल्वर्ट निर्माण कार्य चल रहा है।
- - - - -
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप