पटना में 16 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला, 25 कंपनियां 2000 से अधिक युवाओं को देंगी नौकरी
युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग 16 सितंबर को दीघा स्थित आईटीआई में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित करेगा।

प्रस्तुति के लिए इस्तेमाल की गई तस्वीर।
HighLights
16 सितंबर को दीघा आईटीआई में एक दिवसीय रोजगार मेला आयोजित होगा।
लगभग 25 कंपनियां 2000 से अधिक युवाओं को रोजगार देंगी।
10वीं से स्नातक अभ्यर्थी सेतु पोर्टल पर निःशुल्क पंजीकरण कर सकते हैं।
राज्य ब्यूरो, पटना। युवा, रोजगार एवं कौशल विकास विभाग की ओर से 16 सितंबर को दीघा स्थित औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आइटीआई) में एकदिवसीय रोजगार मेला का आयोजन किया जाएगा।
इसमें निर्माण क्षेत्र, रिटेल, सर्विसेज, ऑटोमोबाइल और आईटी समेत अन्य क्षेत्रों की करीब 25 प्रतिष्ठित कंपनियां शामिल होंगी।
मेले में दो हजार से अधिक युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। दसवीं, बारहवीं, आईटीआई, डिप्लोमा और स्नातक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी मेला में भाग ले सकेंगे।
चयन प्रक्रिया संबंधित कंपनियों और नियोजकों की आवश्यकताओं के अनुरूप होगी। रोजगार मेले में शामिल होने के लिए सेतु पोर्टल पर पंजीयन निशुल्क है।
इच्छुक अभ्यर्थी करा लें रजिस्ट्रेशन
इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। जिनका पंजीकरण पहले से नहीं है, वे रोजगार मेले में हेल्प डेस्क या रजिस्ट्रेशन काउंटर पर भी पंजीकरण करा सकेंगे।
विभाग के मुताबिक रोजगार मेले में शामिल होने वाली कंपनियों और नियोजकों की सत्यता, गुणवत्ता एवं पात्रता का विभागीय स्तर पर आकलन किया जाता है।
इसके लिए वरिष्ठ सहायक निदेशक, सहायक निदेशक और नियोजन पदाधिकारियों की टीम गठित की गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों, बायोडाटा, पासपोर्ट साइज फोटो और पहचान पत्र की मूल एवं छायाप्रति साथ लानी होगी।
यह भी पढ़ें- जॉब फेयर के बाद अब AI की बारी, पूर्णिया की बेटियां सीखेंगी प्रॉम्प्ट इंजीनियरिंग और डेटा साइंस
