धनबाद में बैंक डकैती के आरोपित अशोक को पकड़ने में जुटी पटना पुलिस
धनबाद में बैंक डकैती के आरोपित अशोक को पकड़ने में पटना पुलिस जुटी।
पटना। धनबाद (झारखंड) के निरसा थाना क्षेत्र स्थित एक्सिस बैंक और सरायढेला के बैंक ऑफ इंडिया में डाका डालकर 26 लाख रुपये लूटने के मामले में फरार अशोक सिंह की तलाश में पटना पुलिस जुट गई है। वहीं, उसके साथी जय सहनी को धनबाद पुलिस ने पटना पुलिस की विशेष टीम के सहयोग से सात अक्टूबर को सुल्तानगंज थाना क्षेत्र से दबोचा था। उसे धनबाद पुलिस ने गुरुवार को जेल भेज दिया।
अशोक की तलाश में पटना पुलिस ने मुखबिरों को लगा दिया है। उसके ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। गौरतलब है कि अशोक के कदमकुआं थानांतर्गत नया टोला स्थित घर से लूट के तीन लाख रुपये बरामद किए थे। पटना पुलिस की टीम में शामिल रहे पदाधिकारियों का कहना है कि अशोक की पत्नी ने रुपयों की बरसात नहीं की थी, बल्कि उन्हें छिपा दिया था। जब पुलिस उसके घर में घुसी तो वह शोर मचाने लगी और कमरे की तलाशी नहीं लेने दे रही थी। पुलिस को तलाशी लेने के लिए थोड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
धनबाद एसएसपी किशोर कौशल ने बताया कि दोनों बैंकों में डकैती की साजिश अशोक सिंह ने रची थी। जय शुरू से उसके साथ रहा। दोनों सिजुआ स्थित बृज कुमार यादव के घर पहुंचे। बृज ने उन्हें बीसीसीएल का जर्जर क्वार्टर, तीन बाइक और जरूरत का सामान उपलब्ध कराया। वहीं अप्पू सिंह और अखिलेश कुमार भी पहुंचे, जो बृज के लिए काम करते हैं। अखिलेश की पत्नी पश्चिम बंगाल में सिपाही है। पांच अपराधी 29 सितंबर को आसनसोल चले गए और एक अक्टूबर को वहां से निरसा आए। दोनों बैंकों में डकैती करने के बाद वे आसनसोल के रास्ते दुर्गापुर गए। वहां रुपयों का बंटवारा किया और बैंक से लूटे गए मोबाइल को फेंक दिया। इसके बाद जय और अशोक विभूति एक्सप्रेस पकड़कर पटना लौट आए।
पुलिस ने तफ्तीश के दौरान सीसीटीवी कैमरे का फुटेज देखा तो एक लुटेरे के हाथ में चार अंगुली दिख रही थी। उस तस्वीर को धनबाद पुलिस ने बिहार और झारखंड के सभी थानों में भेजा। सुल्तानगंज थानाध्यक्ष मो. गुलाम सरवर ने तस्वीर देखते ही उसकी पहचान जय के रूप में कर ली। इसके बाद धनबाद पुलिस को इत्तिला दी गई। धनबाद पुलिस के साथ सुल्तानगंज थानाध्यक्ष गए और जय को उसके घर से उठा लिया। इसके बाद पुलिस अशोक के घर पहुंची। वहां से रुपये तो मिले, लेकिन अशोक गायब था। उसकी निशानदेही पर बृज को सिजुआ और आसनसोल के छाईगद्दा रोड से अखिलेश को गिरफ्तार किया गया।