धनरूआ FCI गोदाम में घटिया चावल की आपूर्ति पर डीलरों का हंगामा, BDO ने खराब अनाज वापस भेजने का दिया निर्देश
धनरूआ के एफसीआई गोदाम में घटिया चावल की आपूर्ति को लेकर डीलरों ने जमकर हंगामा किया, जिसके बाद बीडीओ ने जांच कर खराब चावल वापस भेजने का निर्देश दिया।

खराब अनाज वापस भेजने का दिया निर्देश
HighLights
डीलरों ने धनरूआ एफसीआई गोदाम में घटिया चावल पर हंगामा किया।
बीडीओ ने जांच में घटिया चावल पाया, वापसी का निर्देश दिया।
डीलरों ने गोदाम कर्मियों पर मनमानी और मिलीभगत का आरोप लगाया।
संवाद सूत्र, धनरूआ। प्रखंड परिसर स्थित एफसीआई गोदाम में गुरुवार को घटिया चावल की आपूर्ति को लेकर डीलरों ने जमकर हंगामा किया। डीलरों ने घटिया चावल का उठाव करने से साफ इनकार कर दिया। हंगामे की सूचना मिलने पर बीडीओ अलीषा कुमारी, प्रखंड प्रमुख बबिता देवी और उपप्रमुख प्रेम कुमार गोदाम पहुंचे।
अधिकारियों ने डीलरों को समझाकर शांत कराया और गोदाम के एजीएम ब्रजकिशोर से मामले की जानकारी ली। इसके बाद बीडीओ ने गोदाम में रखे चावल की जांच की, जिसमें घटिया चावल मिलने की पुष्टि हुई।
गोदाम कर्मियों पर मनमानी करने का आरोप
डीलरों ने बीडीओ के समक्ष गोदाम कर्मियों पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि पिछले करीब दस दिनों से चावल लदा एक ट्रक गोदाम परिसर में खड़ा है। ट्रक में घटिया गुणवत्ता का चावल लदा हुआ है। डीलर खाद्यान्न के उठाव के लिए प्रतिदिन गोदाम पहुंच रहे हैं, लेकिन घटिया चावल के कारण उन्हें बिना खाद्यान्न लिए वापस लौटना पड़ रहा है।
डीलरों राजकिशोर प्रसाद, प्रणव कुमार, रणजीत कुमार समेत अन्य ने बताया कि एजीएम द्वारा लगातार उन्हें आश्वासन दिया जा रहा था कि घटिया चावल को वापस भेज दिया जाएगा। इसके बावजूद चावल वापस भेजने के बजाय डीलरों के बीच वितरण की तैयारी की जा रही थी। इससे डीलरों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने गोदाम परिसर में हंगामा शुरू कर दिया।
फतुहा से चावल भेजा जा रहा
डीलरों ने आरोप लगाया कि पहले चावल की आपूर्ति बिहटा से होती थी, लेकिन अब फतुहा से चावल भेजा जा रहा है। उन्होंने गोदाम कर्मी सह एफसीआई के अनुरेश कुमार पर भी मनमानी का आरोप लगाया। डीलरों का कहना था कि दस दिनों से उठाव के लिए गोदाम पहुंचने के बावजूद उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
जांच के दौरान गोदाम में कुछ चावल सड़ा हुआ भी मिला। इस पर बीडीओ ने एजीएम को फटकार लगाते हुए खराब चावल को तत्काल गोदाम से हटाने और घटिया चावल वापस भेजने का निर्देश दिया।
गोदाम में घटिया चावल की आपूर्ति हुई
प्रखंड प्रमुख बबिता देवी ने भी एजीएम से घटिया चावल तत्काल वापस करने को कहा। वहीं उपप्रमुख प्रेम कुमार ने एजीएम और गोदाम कर्मी की मिलीभगत से घटिया चावल मंगाए जाने का आरोप लगाया। उन्होंने मामले की शिकायत डीएम पटना से दूरभाष पर करने की बात कही।
बीडीओ अलीषा कुमारी ने बताया कि गोदाम में घटिया चावल की आपूर्ति हुई है। एजीएम को खराब चावल वापस करने का निर्देश दिया गया है। वहीं एजीएम ब्रजकिशोर ने भी स्वीकार किया कि कुछ अलॉटमेंट में घटिया चावल की आपूर्ति हुई है। उन्होंने कहा कि खराब चावल को वापस भेजने का प्रयास किया जा रहा है।
