सांसद व विधायकों की मौजूदगी में पूरे राज्य के नगर निकायों की क्लास लगाएंगे डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद
नगर विकास एवं आवास मंत्री तारकिशोर प्रसाद ने प्रमंडलवार जन प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई है। बैठक में अफसरों की कारगुजारियों पर बेबाकी से जनप्रतिनिधियों को बोलने का मौका दिया जाएगा। समीक्षा रोस्टर तय हो गया है। जाने कब किस प्रमंडल के योजनाओं की पोल खुलेगी।
पटना, राज्य ब्यूरो। नगर विकास एवं आवास विभाग अब नगर निकायों की योजनाओं एवं कार्यों की समीक्षा प्रमंडलवार करेगा। उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद इस अभियान का आगाज सोमवार (7 दिसंबर) को सिंचाई भवन सचिवालय स्थित अधिवेशन भवन से करेंगे। अहम यह है कि पहली बार उप मुख्यमंत्री की पहल पर विभाग यह नवाचार करने जा रहा है। समीक्षा बैठक का रोस्टर भी तय कर दिया गया है।
नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायतों में संचालित योजनाओं की हकीकत तारकिशोर प्रसाद बाकायदा सांसद, विधायक, विधान पार्षद, महापौर, उप महापौर, मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद की मौजूदगी में परखेंगे। अफसरों की कारगुजारियों पर बेबाकी से जनप्रतिनिधियों को बोलने का मौका दिया जाएगा। नगर विकास एवं आवास विभाग ने इससे संबंधित पत्र जारी कर दिया है। यही नहीं, उप मुख्यमंत्री ने संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को बाकयादा पत्र और फोन के माध्यम से सूचित करने का निर्देश दिया है। विभाग ने तय समीक्षा तिथि पर संबंधित निकायों के अधिकारियों को पटना तलब किया है।
रोस्टर तय, जाने कब किस प्रमंडल की होगी समीक्षा
समीक्षा रोस्टर के अनुसार पूर्णिया प्रमंडल के तहत नगर निगम, पूर्णिया एवं कटिहार, नगर परिषद्, अररिया, फारबिसगंज, किशनगंज, नगर पंचायत- कस्बा, बनमनखी जोगबनी, बहादुरगंज, ठाकुरगंज, मनिहारी एवं बारसोई की समीक्षा सात दिसंबर को 11:30 बजे 1:30 बजे के बीच होगी।
भागलपुर प्रमंडल में आने वाले नगर निगम, भागलपुर एवं नगर परिषद्- सुल्तानगंज, बांका, नगर पंचायत-नवगछिया, कहलगांव एवं अमरपुर की समीक्षा नौ दिसंबर को 11:30 बजे से होगी।
कोसी प्रमंडल के नगर परिषद् सहरसा, मधेपुरा, सुपौल एवं नगर पंचायत वीरपुर, निर्मली, मुरलीगंज एवं सिमरी बख्तियारपुर की समीक्षा 14 दिसंबर को 11:30 बजे से होगी।
तिरहुत प्रमंडल में आने वाले नगर निगम, मुजफ्फरपुर एवं नगर परिषद सीतामढ़ी, हाजीपुर, महनार, मोतिहारी, रक्सौल, ढाका, बेतिया, बगहा, नरकटियागंज, नगर पंचायत- बैरगनिया, बेलसंड, डुमरा, जनकपुर रोड, सुरसंड, मोतीपुर, कांटी, साहेबगंज, लालगंज, महुआ, शिवहर, चकिया, सुगौली, अरेराज, केसरिया, पकड़ीदयाल, मेहसी, चनपटिया, रामनगर की समीक्षा 16 दिसंबर को 11:30 से 1:30 बजे के बीच होगी।