डिप्टी सीएम सुशील मोदी अमेरिका में बोले, बिहार में हुए हैं चमत्कारिक बदलाव
बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय भी हैं। पढ़ें उन्होंने वहां क्या-कुछ बोले।
पटना [जेएनएन]। बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी इन दिनों अमेरिका के दौरे पर हैं। उनके साथ स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय भी हैं। भारतीय टाइम के अनुसार गुरुवार को वे अमेरिका के प्रमुख थिंक टैंक ‘सेंटर फाॅर स्ट्रेटेजिक एंड इंटरनेशनल स्टडीज‘ के ‘ग्लोबल हेल्थ पाॅलिसी सेंटर’ की ओर से वाशिंगटन डीसी में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे हुए थे। अमेरिका में भारत के किसी राज्य पर पहली बार यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी व स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने ‘बिहार के स्वास्थ्य क्षेत्र से सबक’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में अमेरिका के 100 से ज्यादा शोधकर्ताओं, वैज्ञानिकों, नीति निर्धारकों, स्वयंसेवी संगठनों एवं अमेरिकी सरकार के प्रतिनिधियों को संबोधित किया। सुशील मोदी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों से बिहार में चमत्कारिक बदलाव हुए हैं। इस बदलाव दुनिया के पिछड़े देश सबक ले सकते हैं कि राजनीतिक इच्छाशक्ति यदि मजबूत हो तो विपरीत परिस्थितियों में भी परिवर्तन लाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद बिहार ने मातृत्व एवं शिशु मृत्यु दर, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, कालाजार एवं टीबी नियंत्रण जैसे सभी मानकों पर देश के किसी भी राज्य की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में विकसित ‘किलकारी’ तथा ‘मोबाइल एकेडमी’ नामक मोबाइल ऐप को 13 राज्यों की 90 लाख गर्भवती महिलाएं तथा 2 लाख से ज्यादा आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने अपनाया है। बिहार की 4 लाख से ज्यादा स्वयं सहायता समूहों को मोबाइल द्वारा स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इसी प्रकार ‘डिजिटल ग्रीन’ कार्यक्रम के तहत जीविका की दीदियों की ओर से 550 से ज्यादा सामुदायिक वीडियो का निर्माण कर 6 लाख से ज्यादा महिला कृषकों को कृषि एवं पोषण की नयी तकनीक से प्रशिक्षित किया गया है। उन्होंने बताया कि बिहार के इन सफल प्रयोगों को अब भारत सरकार पूरे देश में प्रचारित एवं प्रसारित करने जा रही है।