दिल्ली में प्लंबर दिल्ली के घरों में मारते थे सेंध, पटना जंक्शन पर चोरी के गहनों के साथ तीन गिरफ्तार
रेल पुलिस ने पटना जंक्शन से दिल्ली में प्लंबर बनकर घरों में चोरी करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
दिल्ली में प्लंबर बनकर घरों की रेकी करते थे।
पटना जंक्शन पर चोरी के गहनों संग गिरफ्तार।
सात लाख के आभूषण बरामद, दिल्ली पुलिस को सूचना।
जागरण संवाददाता, पटना। दिल्ली में प्लंबर बनकर दिन में घरों की रेकी व रात में आभूषण चोरी करने वाले गिरोह के तीन बदमाशों को रेल पुलिस ने पटना जंक्शन से गिरफ्तार किया है। इनके पास से सोने की एक नथ, सोने का एक मांगटीका, दो चेन, पांच जोड़ी कान की बाली, दो अंगूठी, एक चांदी का कमरबंध, चांदी का ब्रेसलेट, दो सिकड़ी, चार जोड़ी पायल व चार अंगूठी के साथ चार मोबाइल भी बरामद किए गए हैं।
बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब सात लाख बताई जा रही है। इनकी पहचान सीतामढ़ी निवासी मो. अरमान व विवेक कुमार और भागलपुर निवासी अमन कुमार के रूप में की गई है। रेल पुलिस ने इसकी सूचना दिल्ली पुलिस को भी दी है।
दिल्ली पुलिस इन तीनों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर सकती है। यह पूर्व में कहां कहां घटना को अंजाम दे चुका है, इसके बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।
यात्रियों का सामान चुराने वाले 4 गिरफ्तार
वहीं रेल पुलिस ने यात्रियों का सामान चुराने वाले चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान शास्त्री नगर निवासी प्रमोद कुमार, कंकड़बाग निवासी राहुल कुमार, नालंदा के सन्नी व कदमकुआं के सोनू कुमार के रूप में हुई है।
रेल डीएसपी मुख्यालय भास्कर रंजन ने बताया कि स्टेशनों पर आपरेशन क्लीन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत रेल पुलिस स्टेशन पर गश्त कर रही थी। प्लेटफार्म संख्या-एक पर तीन संदिग्ध पुलिस को देखकर भागने लगे। उन सभी को घेरकर दबोच लिया गया। तलाश में इनके पास से गहने मिले।
पूछताछ में पता चला कि यह घरों में चोरी करते थे। जबकि चार अन्य स्टेशन पर रेल यात्रियों का सामान चोरी करते थे, जिनके खिलाफ पहले से पटना जंक्शन सहित अन्य थानों में पहले से केस दर्ज है।
किराए के घर में रहकर करते थे रेकी और चोरी
मो. अरमान, अमन और विवेक कुमार दिल्ली के डाबरी मोड इलाका में किराए के मकान में रहते थे। प्लंबर का काम करने के साथ ही वह घरों की रेकी भी करते थे। अगर मौका मिलता था, तो उसी समय घर से जेवर या कीमती सामान चुरा लेते थे या फिर रात में घटना को अंजाम देते थे।
स्टेशन पर बंटवारा कर जाने वाले थे गांव
दिल्ली में घटना को अंजाम देने के बाद चोरी के गहनों के साथ सभी पटना पहुंच गए। तीनों पटना जंक्शन पहुंचने के बाद गहनों का बंटवारा करने वाले थे। बंटवारा के बाद तीनों ट्रेन से अपने अपने गांव चले जाते। पटना जंक्शन पर गहनों के बंटवारे के पहले ही रेल पुलिस पहुंच गई और तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
