'शोले' की 'बसंती' जैसे न नाची डांसर तो गुस्साए रियल लाइफ गब्बर ने मार दी गोली
बिहार के भोजपुर की एक घटना ने फिल्म शोले में बसंती के नाचने वाला दृश्य याद दिला दिया है। लेकिन रील व रियल लाइफ घटनाओं में हल्का अंतर है। क्या है मामला जानिए इस खबर में।
भोजपुर, जेएनएन। बीते दिनों की सुपर हिट फिल्म 'शोले' याद है आपको? उसमें विलेन गब्बर सिंह (अमजद खान) नायिका बसंती (हेमा मालिनी) को बंदूक के बल पर नाचने को मजबूर करता है। यह फिल्मी सीन बिहार के भोजपुर जिला स्थित डुमरिया गांव में तब देखने को मिला, जब एक दबंग ने एक डांसर को तमंचे पर डिस्को करने को मजबूर किया। डांसर ने जब मना किया तो उसे गोली मार दी।
छत्तीसगढ़ की रहले वाली है डांसर
घायल डांसर को इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह छत्तीसगढ़ के दुर्ग शहर की रहले वाली है। बीते दिन की इस घटना के सिलसिले में भोजपुर की गड़हनी थाना पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायल डांसर से पूछताछ की तथा उसके बयान पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद एफआइआर दर्ज की है।
जन्मदिन की पार्टी में हुई घटना
बताया जाता हैं कि भोजपुर के पीरो के इब्राहिमपुर स्थित संतोष यादव के म्युजिकल ग्रुप की सात महिला डांसर बीती रात एक बर्थ डे पार्टी में नाचने के लिए गड़हनी के डुमरिया गांव गई थीं। वहां मिथलेश यादव के बेटे के जन्मदिन को लेकर पार्टी आयोजित थी।
वहां डांसर रिकार्डिंग डांस कर रही थीं। इस दौरान बर्थ पार्टी में शामिल होने पहुंचे तीन हथियारबंद युवकों ने एक डांसर को शोले के गब्बर सिंह स्टाइल में एक खास डांस करने को कहा, जिससे उसने इनकार कर दिया। इससे भड़के युवक ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगे। युवकों ने माही नामक उस डांसर को भी गोली मार दी।
तीन के खिलाफ एफआइआर दर्ज
गोली से घायल डांसर घायल होकर गिर गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल पहुंचाया गया। वहां होश में आने पर पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। घटना की बाबत गड़हनी के थानाध्यक्ष ने बताया कि गोलीबारी करने वाले तीन लोगों की पहचान कर ली गई है। आरोप है कि फायरिंग भोजपुर के चौरी थाना स्थित डिहरी टोला निवासी मुकेश यादव, भिखमपुर निवासी शशि रंजन यादव तथा गड़हनी निवासी भोला गुप्ता ने फायरिंग की।