आय से अधिक संपत्ति मामले में दानापुर की अवर निबंधक सस्पेंड, छापेमारी में 70 लाख नकद, गहने और महंगी घड़ियां मिली
दानापुर की अवर निबंधक कुमारी स्वीटी को आय से अधिक संपत्ति के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। निगरानी ...और पढ़ें

एक करोड़ से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का आरोप
राज्य ब्यूरो, पटना। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में दानापुर की अवर निबंधक कुमारी स्वीटी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने गुरुवार को इस संबंध में अधिसूचना जारी की। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की छापेमारी के करीब एक माह बाद विभाग ने यह कार्रवाई की है।
एक करोड़ से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का आरोप
कुमारी स्वीटी और उनके पति रविन्द्र कुमार दिवाकर पर लगभग एक करोड़ छह लाख 85 हजार 900 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने का आरोप है।
रविन्द्र कुमार दिवाकर पटना में अपर समाहर्ता (आपूर्ति) के पद पर तैनात हैं। निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
छापेमारी में 70 लाख रुपये नकद बरामद
अफसर दंपती के ठिकानों पर हुई छापेमारी के दौरान करीब 70 लाख रुपये नकद मिले थे। इसके अलावा महंगी घड़ियां और गहने भी बरामद किए गए थे। जांच के दौरान दानापुर में दो फ्लैट होने की जानकारी भी सामने आई थी।
25 सितंबर को दर्ज हुई थी प्राथमिकी
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने मामले में 25 सितंबर को निगरानी थाना कांड संख्या 113/26 दर्ज किया था। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों को लेकर विभागीय स्तर पर भी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ी।
स्पष्टीकरण का जवाब नहीं देने पर कार्रवाई
विभागीय अधिसूचना के अनुसार, कुमारी स्वीटी का कथित आचरण बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली, 1976 के नियम-3 के प्रतिकूल पाया गया।
विभाग ने पांच और छह अक्टूबर को पत्र जारी कर उनसे स्पष्टीकरण मांगा था। अधिसूचना के मुताबिक, उन्होंने अब तक जवाब नहीं दिया।
इसके बाद बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के तहत उन्हें निलंबित करने का निर्णय लिया गया।
विकास भवन में रहेगा मुख्यालय
निलंबन अवधि के दौरान कुमारी स्वीटी का मुख्यालय विकास भवन, पटना स्थित विभागीय मुख्यालय रहेगा। इस दौरान उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।
पप्पू कुमार को दानापुर का अतिरिक्त प्रभार
फतुहा के अवर निबंधक पप्पू कुमार को अगले आदेश तक दानापुर अवर निबंधक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
यह भी पढ़ें- पटना में ADM और सब-रजिस्ट्रार के ठिकानों पर छापा, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा; कैश-ज्वेलरी और निवेश के कागजात मिले
