दानापुर स्टेशन पर विजिलेंस का छापा, रेलवे की राशि जमा करने में देरी पर 2 TTI से पूछताछ
दानापुर स्टेशन पर रेलवे विजिलेंस टीम ने दो टिकट निरीक्षकों (टीटी) से रेलवे की राशि निर्धारित समय पर जमा न करने के मामले में पूछताछ की।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
दानापुर स्टेशन पर रेलवे विजिलेंस टीम की अचानक छापेमारी।
दो टिकट निरीक्षकों से रेलवे की राशि जमा न करने पर पूछताछ।
राशि जमा करने में देरी और संबंधित रिकॉर्ड की हो रही जांच।
जागरण संवाददाता, पटना। दानापुर स्टेशन पर शनिवार की शाम रेलवे विजिलेंस की टीम पहुंचने से हड़कंप मच गया। विजिलेंस टीम ने रेलवे की राशि निर्धारित समय पर जमा नहीं करने के मामले में दो टिकट निरीक्षकों (टीटी) से पूछताछ की। टीम ने दोनों से राशि जमा करने में हुई देरी और पूरे मामले से जुड़े रिकार्ड के संबंध में जानकारी ली।
रेलवे के एक अधिकारी के अनुसार, विजिलेंस टीम की ओर से की गई पूछताछ जांच प्रक्रिया का हिस्सा है। दोनों टीटी द्वारा निर्धारित समय पर रेलवे की राशि जमा नहीं किए जाने से जुड़े मामले की जांच की जा रही है। टीम ने संबंधित रिकार्ड और राशि जमा करने की प्रक्रिया से जुड़े बिंदुओं की जानकारी ली है।
रिकॉर्ड की भी हो रही पड़ताल
रेलवे में टिकट जांच के दौरान यात्रियों से प्राप्त राशि को निर्धारित प्रक्रिया और समयसीमा के भीतर जमा करना होता है। इसमें किसी तरह की देरी होने पर संबंधित कर्मी से कारण पूछा जाता है। इसी क्रम में विजिलेंस टीम ने दोनों टीटी से पूछताछ की।
सूत्रों के मुताबिक, मामले की जांच अभी जारी है। विजिलेंस की जांच में सामने आने वाले तथ्यों और रिकार्ड की पड़ताल के बाद ही आगे की कार्रवाई को लेकर निर्णय लिया जाएगा।
