पटना में सुबह-सुबह 19 साल के युवक की गोली मारकर हत्या, घर के पास ही वारदात; घटनास्थल से हथियार बरामद
राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह 19 वर्षीय रोशन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद हुई है, पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हत्या के कारणों का पता लगा रही है।
HighLights
दानापुर में 19 वर्षीय रोशन कुमार की गोली मारकर हत्या।
बुधवार सुबह घर से निकलने के कुछ देर बाद हुई वारदात।
घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद, पुलिस जांच में जुटी है।
संवाद सहयोगी, दानापुर (पटना)। राजधानी पटना के दानापुर थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना झटपटिया हनुमान मंदिर के निकट की है।
मृतक की पहचान 19 वर्षीय रोशन कुमार के रूप में हुई है। वह प्रमोद राय का पुत्र था। घटना करंज रोड स्थित न्यू ताराचक इलाके की है।
हत्या के बाद घटनास्थल से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। इससे मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पुलिस अभी हत्या के कारणों और इसमें शामिल लोगों का पता लगाने में जुटी है।
सुबह बाइक लेकर निकला था घर से, सिर में मारी गई गोली
परिजनों के अनुसार, रोशन बुधवार सुबह करीब 7:15 बजे बाइक से घर से निकला था। घर से निकलने के कुछ ही देर बाद उसे गोली मार दी गई।
गोली उसके सिर में लगी। घटना की सूचना मिलने पर परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक रोशन की मौत हो चुकी थी।
रोशन के स्वजन ने बताया कि वह सुबह बाइक से निकला था। इसके बाद गोली मारे जाने की सूचना मिली। घटनास्थल पर पहुंचने पर उसे मृत पाया गया। दिन की शुरुआत में हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग भी मौके पर जुट गए।

घटनास्थल से पिस्टल बरामद, हत्या की वजह स्पष्ट नहीं
सूचना मिलने पर दानापुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक पिस्टल बरामद की गई है।
एसआई धर्मेश कुमार ने जब पिस्टल की जांच की तो उसमें गोली फंसी थी। बड़ी सावधानी से पुलिस अधिकारी ने उसकी गोली निकाली। मैगजीन से तीन गोली बरामद की गई है।
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि बरामद पिस्टल का इस हत्या से क्या संबंध है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।
स्नातक का छात्र था रोशन
रोशन मूल रूप से दियारा के चौरी टोला का निवासी था। उसके पिता प्रमोद कुमार दानापुर थाना क्षेत्र के करंज रोड न्यू ताराचक में मकान बनाकर परिवार के साथ रहते हैं। रोशन स्नातक का छात्र था और साथ में कुछ निजी काम भी करता था।