फ्लाइट से पहुंचा क्षतिग्रस्त सामान, शिकायत करने पर कर्मचारियों ने की बदसलूकी
पटना एयरपोर्ट पर यात्री उस समय आक्रोशित होकर बवाल करने लगे जब दिल्ली से पहुंची जेट की फ्लाइट से उनका लगेज टूटी-फूटी हालत में मिला। निजी विमान कंपनी के कर्मचारियों ने बदसलूकी भी की।
पटना [जेएनएन]। पटना एयरपोर्ट पर मंगलवार को दिल्ली से पहुंची जेट की फ्लाइट के यात्रियों को जब उनका लगेज टूटी-फूटी हालत में मिला तो वे आक्रोशित हो गए। जब यात्रियों ने इसकी शिकायत विमानन कंपनी के कर्मचारियों से की तो उनके साथ बदसलूकी की गई। इससे आक्रोश भड़क गया और यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। एयरपोर्ट परिसर में करीब डेढ़ घंटे पर अफरातफरी का माहौल रहा। बाद में एयरपोर्ट प्रबंधन के हस्तक्षेप पर मामला शांत हुआ।
जानकारी के अनुसार जेट एयरवेज की फ्लाइट ने दोहा से उड़ान भरी थी। वहां जब यात्रियों ने लगेज बुक कराया तो सही सलामत था। विमान से पहले यात्री दिल्ली पहुंचे। उसके बाद दिल्ली से जेट की ही फ्लाइट से पटना आए। पटना एयरपोर्ट पर जब एक दर्जन यात्रियों को उनका लगेज दिया गया तो वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त था।
जब यात्रियों ने डैमेज लगेज की शिकायत लिखवानी चाही तो उक्त कंपनी के कर्मचारियों ने यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार किया। इस पर यात्री भड़क गए और परिसर में डेढ़ घंटे तक हंगामा होते रहा। अंत में एयरपोर्ट प्रबंधन को हस्तक्षेप करना पड़ा तब जाकर उन्हें मामूली हर्जाना दिया गया।
कई यात्रियों का सामान दिल्ली में छूटा
इसी विमान से आ रहे आधे दर्जन यात्रियों का सामान दिल्ली एयरपोर्ट पर ही छूट गया। जिन यात्रियों का सामान छूट गया था उनलोगों ने भी जमकर हंगामा किया। काफी हंगामे के बाद उन्हें भी सामान मंगवाने का आश्वासन दिया गया।
दोहा से आ रहे यात्री मो. असगर ने बताया कि बाहर से आने वाले सौ से अधिक यात्री इसी कंपनी के कनेक्टिंग विमान से पटना आने के लिए दिल्ली में सवार हुए थे। दिल्ली में भी उनके सामान को नहीं दिखाया गया। पटना जब पहुंचे तो उन्हें टूटा सूटकेस दे दिया गया। उनके साथ छह-सात और यात्री थे, जिनका लगेज ट्राली बैग टूटा हुआ था। उन्होंने बताया कि शिकायत पर विमान कंपनी के कर्मचारी मारपीट पर उतारू हो गए।