International Women's Day: दैनिक जागरण व नाबार्ड ने बिहार की 27 महिलाओं का किया सम्मान
दैनिक जागरण ने किया नारी शक्ति का सम्मान दैनिक जागरण और नाबार्ड ने संयुक्त रूप से वीमेंस अचीवर्स अवार्ड का किया आयोजन 27 महिलाएं उपमुख्यमंत्री व खाद्य आपूर्ति मंत्री लेसी सिंह के हाथों सम्मानित रेणु देवी ने कहा- भारत के संस्कारों में रचा-बसा है महिला सम्मान
पटना, जागरण संवाददाता। International Women's Day 2021: अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सोमवार को 'दैनिक जागरण' और राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड) ने संयुक्त रूप से वीमेंस अचीवर्स अवार्ड-2021 (Dainik Jagran- NABARD Women's Achiever Award 2021) का आयोजन राजधानी के होटल पनाश में किया। नाबार्ड ने खुद को सशक्त बनाने के साथ दूसरों को रोजगार की राह दिखाने वाली ग्रामीण पृष्ठभूमि की दस महिलाओं और बैंक कर्मियों को सम्मानित किया। वहीं, दैनिक जागरण ने शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन व सामाजिक सरोकार से जुड़ी 17 महिलाओं को वीमेंस अचीवर्स अवार्ड से नवाजा।
महिलाओं का सम्मान करना भारतीयों का संस्कार
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप मुख्यमंत्री रेणु देवी, विशिष्ठ अतिथि खाद्य आपूर्ति मंत्री लेसी सिंह, दैनिक जागरण के स्थानीय संपादक आलोक मिश्र, सहकारिता विभाग की सचिव वंदना प्रेयसी व नाबार्ड के मुख्य महाप्रबंधक सुनील कुमार ने सभी को सम्मानित किया। उपमुख्यमंत्री ने कहा, महिलाओं को सम्मान और समानता का अवसर प्रदान करना भारत के संस्कारों में रचा-बसा है। भारतीय महिलाएं हमेशा से सशक्त रही हैं। यहां की संस्कृति में ही ऐसी खुशबू है कि जहां नारी होती है, वहां पूजा का भाव होता है।
महिलाओं को अवसर दिए बगैर विकास संभव ही नहीं
खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री लेसी सिंह ने कहा, आधी आबादी को अवसर दिए बगैर देश या समाज विकसित नहीं हो सकता। उन्होंने महिला सशक्तीकरण में 'दैनिक जागरण' की भूमिका की सराहना की। 'दैनिक जागरण' के स्थानीय संपादक आलोक मिश्र ने कहा, सशक्तीकरण के साथ महिलाओं की सत्ता में भी भागीदारी बढऩी चाहिए। दैनिक जागरण प्रारंभ से महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्यक्रमों का आयोजन करता रहा है। यह सिलसिला जारी रहेगा।
महिलाओं को बराबरी का हक देने की जरूरत
सहकारिता सचिव वंदना प्रेयसी ने कहा कि महिलाओं को इस बात का अहसास तो पहले से है कि वह पुरुषों के समान हैं। आवश्यकता इस बात की है कि उन्हें बराबरी का प्लेटफॉर्म मिले। महिलाओं को सशक्त बनाने में पुरुषों के योगदान और सपोर्ट को नकारा नहीं जा सकता। इस मौके पर दैनिक जागरण पटना के समाचार संपादक अश्विनी, एरिया मैनेजर जयप्रकाश, नाबार्ड के डीजीएम धीरेंद्र कुमार, सहायक महाप्रबंधक प्रीति थामस, सावन प्रकाश आदि मौजूद थे।