विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिहार में चक्रवाती तूफान का दिखेगा असर! 40-50 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, IMD ने जारी की चेतावनी

Published: Sat, 24 Oct 2026 03:51 PM (GMT+05:30)

कल का मौसम: मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान के कारण 27 अक्टूबर से बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव आएगा।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज।

HighLights

  1. 27 अक्टूबर से बिहार के मौसम में बड़ा बदलाव अपेक्षित।

  2. बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवाती तूफान का असर।

  3. राज्य में तेज हवाओं और भारी बारिश का अलर्ट जारी।

डिजिटल डेस्क, पटना। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना द्वारा 24 अक्टूबर 2026 को जारी ताजा जानकारी के अनुसार, बिहार में अगले 2-3 दिनों तक मौसम शुष्क बना रहेगा, लेकिन 27 अक्टूबर से राज्य के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा।

बंगाल की खाड़ी में बन रहे मौसमी सिस्टम के प्रभाव से 28 से 30 अक्टूबर के दौरान राज्य के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और भारी से अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी में हलचल

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वी-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक सुस्पष्ट कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके 24 अक्टूबर को ‘डिप्रेशन’ तथा 25 अक्टूबर तक और तीव्र होकर ‘डीप डिप्रेशन’ में बदलने की प्रबल संभावना है।

26 अक्टूबर की सुबह तक यह प्रणाली एक चक्रवाती तूफान का रूप ले सकती है और 28 अक्टूबर की सुबह आंध्र प्रदेश तट के निकट पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी तक पहुंचेगी, जिसका असर बिहार के मौसम पर भी पड़ेगा। इसके अलावा, उत्तर-पूर्वी बांग्लादेश और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से 1.5 किमी की ऊंचाई तक एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है।

पिछले 24 घंटों में मौसम का हाल

मौसम विभाग द्वारा दी गई ताजा जानकारी के अनुसार विगत 24 घंटों के दौरान पूरे राज्य में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। इस दौरान अधिकतम तापमान कैमूर (भभुआ) में 35.4°C दर्ज किया गया।

जबकि सबसे कम तापमान रोहतास (डेहरी) में 16.0°C रहा। पटना में अधिकतम तापमान 31.9°C और न्यूनतम तापमान 22.7°C दर्ज हुआ। पटना जिले के मोकामा में अधिकतम 22 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।

कल कैसा रहेगा मौसम?

24 से 26 अक्टूबर तक राज्य भर में मौसम शुष्क रहेगा और तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। इस दौरान कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

28 अक्टूबर को दक्षिण-पश्चिम, दक्षिण-मध्य और दक्षिण-पूर्व बिहार में 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। औरंगाबाद, भभुआ (कैमूर), गया और रोहतास जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

यह भी पढ़ें- बंगाल की खाड़ी में हलचल, बिहार में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट