बंगाल की खाड़ी में हलचल, बिहार में गरज-चमक के साथ आंधी और बारिश का अलर्ट
Bihar Weather Forecast: बंगाल की खाड़ी में बन रहे निम्न दबाव के चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है, जिससे बिहार में मौसम का मिजाज बदलेगा।
-1792807539749_m.webp)
एआई से बनाई गई तस्वीर
HighLights
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव चक्रवाती तूफान में बदलेगा।
28 अक्टूबर से बिहार में भारी बारिश, आंधी की चेतावनी।
किसानों को फसल सुरक्षित रखने की विशेष सलाह दी गई।
जागरण संवाददाता, पटना। Bihar Weather News सुबह-शाम हल्की ठंड और दिन में धूप की गर्माहट के बीच प्रदेश के मौसम का तेवर बदलने वाला है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा निम्न दबाव डिप्रेशन का क्षेत्र चक्रवाती तूफान में बदलने के साथ राजधानी सहित सभी जिलों में आंधी-पानी के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की गतिविधियों में तेजी आने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, 28 अक्टूबर से एक नवंबर के दौरान राज्य के कई हिस्सों में मेघ गर्जन के साथ भारी वर्षा और 40-50 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है।
किसानों को सावधान रहने की सलाह
ऐसे में खासतौर पर किसान भाइयों को कटी फसल सुरक्षित रखने और आम लोगों को खराब मौसम में सावधान रहने की सलाह दी गई है।
दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना निम्न दबाव का क्षेत्र शनिवार शाम तक अवदाब और अगले दिन गहरे अवदाब में बदल सकता है।
इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए चक्रवाती तूफान में तब्दील होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 27 और 28 अक्टूबर को सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा और सहरसा के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हो सकती है।
वहीं, 28 अक्टूबर से पटना सहित प्रदेश के अन्य हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। फिलहाल अगले 24 घंटे तक मौसम सामान्य और शुष्क रहने की संभावना है।
तापमान में उतार-चढ़ाव के बीच सुबह और रात में हल्की ठंड महसूस होगी, जबकि दिन में धूप निकलने से गर्मी का असर बना रह सकता है। शुक्रवार को पटना और सिवान में 19 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली।
22 जिलों में गिरा तापमान, कैमूर सबसे गर्म
मौसम के बदलते मिजाज के बीच शुक्रवार को पटना समेत 22 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि 35.4 डिग्री सेल्सियस के साथ कैमूर प्रदेश में सबसे गर्म रहा।
