Cyclone Fani: पटना में बादलों के साए के बाद खिली धूप, हवा से मिली राहत
पटना में फणि चक्रवात का असर दूसरे दिन भी दिखने को मिला। शक्रवार की शाम हुई तेज बारिश के कारण शनिवार को राजधानीवासियों को गर्मी से राहत मिली।
पटना, जेएनएन। फणि तूफान के असर से पटनाइट्स को भीषण गर्मी से बड़ी राहत मिली। तेज हवा के साथ शुक्रवार की शाम झमाझम बारिश होने से मौसम में बड़ा बदलाव हुआ। शनिवार को सुबह से सूरज पर बादलों का साया मंडराया। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार से एक बार फिर राजधानी में गर्मी बढ़ने की उम्मीद है।
सूरज और बादलों के बीच शनिवार को दिनभर आंखमिचौली जारी रही। अगर कुछ मिनट के लिए धूप निकल भी आ रही थी तो फिर बादल छा जाता। इस बीच तापमान ने भी राहत मिली। शनिवार को पटना का तापमान अधिकतम में 35.2 तो न्यूनतम में 23.4 पर आ गया। इसी तरह गया का तापमान 36.7 और 22.2 पर रहा।
इधर, राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.2 एवं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं हवा में आद्र्रता 86 फीसद रिकॉर्ड की गई। तूफान के असर के कारण ही राजधानी का मौसम दिनभर बदलता रहा। सुबह में धूप निकली लेकिन थोड़ी ही देर में आकाश में बादल छा गए। इसके बाद भी वातावरण में गर्मी बनी रही। दोपहर के बाद मौसम ने करवट बदली ओर तेज आंधी शुरू हो गई। लोगों को घर से निकलना मुश्किल हो गया। आंधी के बाद शाम पांच बजे के करीब राजधानी में हल्की बारिश शुरू हो गई। यह देर रात तक जारी रही।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप