बेगूसराय में बेखौफ अपराधियों ने हथियार के बल पर लूटी बाइक फिर मार दी गोली
बेगूसराय में गुरुवार को समस्तीपुर के एक युवक से बाइक लूट ली गई। वारदात को अंजाम देने के दौरान बदमाशों ने युवक की पीठ में गोली मार दी।
बेगूसराय, जेएनएन। जिले के डंडारी थाना क्षेत्र में गुरुवार को बेखौफ अपराधियों ने बाइक लूट की नीयत से समस्तीपुर के रहने वाले युवक को रोक लिया। बदमाश बाइक छीनने लगे तो पीड़ित ने इसका विरोध किया। इस पर उसे गोली मार दी और मोटरसाइकिल लेकर फरार हो गए। घायल को निजी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। जहां उसकी स्थित गंभीर बनी है। सूचना पर पुलिस पहुंच गई है।
समस्तीपुर जिले के बिथान गांव का रहने वाला घूरन यादव किसी काम से गुरुवार को बेगूसराय जा रहा था। जैसे ही वो डंडारी थाना क्षेत्र के प्रतारपुर ढाला के पास पहुंचा कि बाइक से आए दो बदमाशों ने उसका रास्ता रोक दिया। इसके पहले वो कुछ समझ पाता दोनों उसे गाड़ी से नीचे ढकेल उसकी बाइक स्टार्ट करने लगे।
इसपर घूरन विरोध करने लगा तो उसे गोली मार दी। गोली घूरन की पीठ में लगी। जिससे वो सड़क पर तड़पने लगा। इस बीच बदमाश बाइक चलाते हुए फरार हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप