बिहार में कन्हैया की महारैली का काउंटडाउन शुरू, JNU छात्रसंघ की अध्यक्ष आइशी घोष भी होंगी शामिल
गुरुवार को गांधी मैदान में महारैली आयोजित होगी। इसमें कन्हैया के अलावा आइशी घोष मेवाणी चंद्रशेखर कन्नन गोपीनाथन फातिमा समेत रोहित वेमुला की मां भी भाग लेंगी।
पटना, राज्य ब्यूरो। एनपीआर- एनआरसी-सीएए विरोधी संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर गुरुवार को गांधी मैदान में 'संविधान बचाओ-नागरिकता बचाओ' महारैली आयोजित होगी। मोर्चा की ओर से निवेदिता झा और चंद्रकांता ने बुधवार को मीडिया को बताया कि बिहार में पहली बार एनपीआर, एनआरसी व सीएए के खिलाफ होने वाली महारैली में देश के कई नामचीन सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ता, फिल्म कलाकार, संस्कृतिकर्मी एवं बुद्धिजीवी भी एक मंच से अपने विचार रखेंगे।
एनडीए को नहीं दिया है न्यौता
एनपीआर को बंद करने, एनआरसी को रोकने व सीएए को वापस लेने की मांग मोदी सरकार से करेंगे। एनडीए को छोड़ कर राजद, कांग्रेस, रालोसपा, भाकपा, माकपा, भाकपा माले और हम को भी महारैली में आने का आमंत्रण दिया गया है। महारैली में शामिल होने के लिए प्रदेश के दूर-दराज के लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया है।
कार्यक्रम में जुटेंगे ये दिग्गज
निवेदिता झा के मुताबिक महारैली को संबोधित करने वालों में कश्मीर के मुद्दे पर आइएएस की सेवा छोडऩे वाले कन्नन गोपीनाथन, महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी, सामाजिक कार्यकर्ता मेधा पाटकर वस्वाति बिधान बरुआ, भाकपा नेता कन्हैया कुमार, कांग्रेस विधायक शकील अहमद खान, सदफ जाफर, अलका लांबा, जेएनयू छात्र संघ की अध्यक्ष आइशी घोष, गुजरात के दलित नेता व विधायक जिग्नेश मेवाणी, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के सलमान इम्तियाज प्रमुख हैं।
रोहित वेमूला की मां भी आएंगी
इनके अलावा हैदराबाद विश्वविद्यालय के छात्र रोहित वेमूला की मां राधिका वेमूला व नजीब की मां फातिमा नफीस भी मंच पर होंगी। महारैली के मंच से जनता की आवाज सांस्कृतिक रूप में भी सुनायी देगी। दिल्ली के युवा शायर आमिर अजीज व शशिभूषण भी भाग लेंगे। इसके अलावा इप्टा, प्रेरणा, हिरावल और पटना विश्वविद्यालय के छात्रों की भागीदारी रहेगी।
खास बातें
- सीएए, एनआरसी एवं एनपीआर के खिलाफ समाजसेविका मेधा पाटकर, महात्मा गांधी के प्रपौत्र तुषार गांधी, जेएनयू छात्र संघ की अध्यक्ष आइशी घोष, भाकपा नेता कन्हैया कुमार, राधिका वेमूला, फातिमा, चंद्रशेखर और कन्नन गोपीनाथन होंगे एक मंच पर
- रैली में राजद, कांग्रेस, भाकपा, माकपा व भाकपा माले, रालोसपा और हम को भी आमंत्रण