Coronavirus: कोरोना मुक्त हुए राज्यपाल फागू चौहान, कहा- सही चिकित्सा एवं आत्मसंयम से हारेगी बीमारी
राज्यपाल फागू चौहान 13 दिन बाद गुरुवार को कोरोना मुक्त हो गए हैं। राज्यपाल अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनकी जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। राजभवन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई।
पटना, राज्य ब्यूरो। राज्यपाल फागू चौहान 13 दिन बाद गुरुवार को कोरोना मुक्त हो गए हैं। राज्यपाल अब पूरी तरह स्वस्थ हैं। उनकी जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। राजभवन की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी गई।
राजभवन कार्यालय के मुताबिक राज्यपाल फागू चौहान 9 अक्टूबर को कोविड जांच के क्रम में पॉजिटिव पाए गये थे। तब चिकित्सकों की सलाह पर वे राजभवन में ही होम क्वारंटाइन हो गए थे। राज्यपाल ने कहा है कि कोरोना बेशक एक गंभीर बीमारी है, लेकिन सही चिकित्सा एवं आत्मसंयम के बल पर इससे निजात पाने में सफलता मिलती है। संक्रमित व्यक्ति को चिकित्सकों की सलाह पर पूरी तरह अमल करना चाहिए।
आठ की मौत, 985 लोगों ने बीमारी को किया पराजित
इधर, प्रदेश में कोरोना की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। गुरुवार को राज्य में फिर 1058 संक्रमित मिले हैं। इसके साथ अब मिले संक्रमितों की संख्या 2.09 लाख से अधिक हो गई है। गुरुवार को और आठ की मौत कोरोना संक्रमण की वजह से हुई है।
1.45 लाख कोरोना टेस्ट हुए
गुरुवार को स्वास्थ्य विभाग ने जानकारी दी कि आज 1.45 लाख कोरोना टेस्ट किए गए जिसमें 1058 नए संक्रमित मिले हैं। पिछले सात महीने से चल रही कोरोना जांच में अब तक 209296 संक्रमित मिल चुके हैं। परन्तु राज्य के लिए सुखद बात यह है कि कोरोना जैसी महामारी को पराजित करने वालों की संख्या भी ठीक रही है।
24 घंटे में और 985 लोग स्वस्थ
राज्य मे अब तक 1.97 लाख से अधिक संक्रमित बीमारी को पराजित करने में सफल रहे हैं। पिछले 24 घंटे में और 985 लोग स्वस्थ हुए हैं। राज्य में कोरोना से स्वस्थ होने की दर 94.22 फीसद है। विभाग ने जानकारी दी कि गुरुवार को कोरोना संक्रमण की चपेट में आए आठ लोगों की मौत हुई है। विभाग की माने तो प्रदेश मे इस महामारी की वजह से 1026 लोगों की जान जा चुकी है।