Corona Alert: बिहार में फिर मिले चीन से लौटे दो संदिग्ध मरीज, अब 22 की पहचान
Corona Alert बिहार में कोरोना वायरस के संदिग्ध मरीजों की संख्या बढ़कर 22 हो गई है। उन्हें निगरानी में रखा गया है। हालांकि अभी तक वायरस की पुष्टि नहीं हुई है।
पटना, स्टेट ब्यूरो। बिहार में खतरनाक कोरोना वायरस (Corona Virus) के संदिग्ध मामले बढ़ते जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग (Department of Health) ने पटना व सिवान के ऐसे दो और संदिग्धों की पहचान की है। दोनों हाल ही में चीन (China) से लौटे हैं। फिलहाल एहतियातन दोनों को गृह एकांतवास (Home Isolation) में रहने की सलाह दी गई है।
दो और संदिग्धों की पहचान, 22 तक पहुंचा आंकड़ा
स्टेट सर्विलांस अफसर डॉ. रागिनी मिश्रा ने बताया कि सरकार को विभिन्न जरिए से कोरोना के संदिग्ध मामलों की जानकारी मिल रही है। इस क्रम में दो और लोगों की पहचान की गई है। उनमें से एक व्यक्ति पटना का और दूसरा सिवान का है। दोनों हाल ही में चीन से लौटे हैं। उन्हें 14 दिनों के लिए घर में ही एकांतवास होम आइसोलेशन में रखा गया है। इसके बाद यदि आवश्यकता पड़ी तो उनके सैंपल जांच के लिए पुणे की नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ वायरोलॉजी भेजे जाएंगे। इसके साथ ही राज्य में कोरोना के संदिग्धों का आंकड़ा 22 हो गया है।
किसी भी संदिग्ध में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं
बता दें कि इससे पूर्व सोमवार तक स्वास्थ्य विभाग ने बिहार के 20 लोगों को सर्विलांस पर लिया था। इन संदिग्धों में भागलपुर, सिवान, प. चंपारण, सुपौल, सारण, मधेपुरा, सीतामढ़ी, भोजपुर, गोपालगंज और पटना के वैसे लोग हैं, जो कुछ दिनों के अंदर चीन या उसके आसपास के प्रांतों से लौटकर बिहार आए हैं। हालांकि, अब तक किसी भी संदिग्ध में कोरोना वायरस की पुष्टि नहीं हुई है।
लगाए जा रहे जागरूकता कैंप
कोरोना वायरस के खतरों को देखते हुए आम लोगों को जागरूक करने के लिए ग्राम सभा में जागरूकता कैंप लगाए जा रहे हैं। अब तक 1179 ग्रामसभा के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया है। विभिन्न रास्तों से बिहार में प्रवेश करने वाले 26833 यात्रियों की स्क्रीनिंग की गई है। अकेले गया एयरपोर्ट पर अब तक 5598 लोगों की स्क्रीनिंग की गई है।
इन जिलों में मिले संदिग्ध
भागलपुर - 1
सिवान - 2
प. चंपारण -3
सुपौल - 1
सारण - 1
मधेपुरा - 2
भोजपुर -1
सीतामढ़ी -2
गोपालगंज -2
पटना - 3
मधुबनी -2
गया- 2