सीएम पद के लिए तेजस्वी के नाम पर कांग्रेस को एतराज, गोहिल ने कही बड़ी बात
चुनाव की कार्य योजना बनाने की जिम्मेदारी प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा और सचिव बीरेंद्र सिंह राठौर को सौंपी गई। गोहिल बोले- तेजस्वी को सीएम बनाने का फैसला राजद को हो सकता है।
पटना, राज्य ब्यूरो। राजद की ओर से तेजस्वी यादव की मुख्यमंत्री पद की दावेदारी से कांग्रेस को ऐतराज है। नए सिरे से बिहार कांग्रेस के प्रभारी बनाए गए शक्ति सिंह गोहिल ने रविवार को पटना पहुंचते ही यह साफ कर दिया कि कांग्रेस उपचुनाव और चुनाव में मुख्य भूमिका में होगी। गोहिल ने कहा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री पद का प्रत्याशी बनाने का फैसला राजद का हो सकता है। कांग्रेस व्यक्ति विशेष की बात ही नहीं करती। कांग्रेस जनता और उसके मुद्दों की बात करती है। अभी मुख्यमंत्री पद को लेकर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
राहुल गांधी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा करने के बाद उस वक्त बिहार के प्रभारी रहे शक्ति सिंह गोहिल ने भी प्रभारी के पद से इस्तीफा दे दिया था। अभी हाल ही में सोनिया गांधी ने उन्हें नए सिरे से बिहार के प्रभारी पद की जिम्मेदारी सौंपी है। प्रभार लेने के बाद पहली यात्रा पर पटना पहुंचे गोहिल ने कई मसलों पर पार्टी नेताओं और इसके बाद मीडिया से बात की।
इसे भी पढ़ें: बिहार: वैशाली में दो गुटों के बीच अंधाधुंध फायरिंग, तीन की मौत, कई लोग गायब
गोहिल ने कहा कि उपचुनाव हो या फिर आगामी विधानसभा के चुनाव कांग्रेस मुख्य भूमिका में रहेगी। इसके लिए पार्टी नेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे अभी से चुनाव से जुड़ी कार्य योजना बनाने में जुट जाएं। गोहिल ने बिहार कांग्रेस के अध्यक्ष मदन मोहन झा और सचिव बीरेंद्र सिंह राठौर को चुनाव की कार्य योजना निर्धारित करने और प्रत्याशियों के चयन के साथ ही सहयोगी संगठनों के साथ समन्वय की जिम्मेदारी सौंपी है।
उन्होंने मीडिया से कहा कि उपचुनाव हो या फिर विधानसभा चुनाव कांग्रेस के अधिक से अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में होंगे। इससे पहले सदाकत आश्रम पहुंचने पर कांग्रेसियों ने गोहिल का जोरदार स्वागत किया। गोहिल ने बाद में पार्टी पदाधिकारियों के साथ संगठन की मजबूती, उपचुनाव, विधानसभा चुनाव जैसे मसलों पर गहन विचार विमर्श भी किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा, अनिल शर्मा, अन्य कार्यकारी अध्यक्ष, आनंद माधव, एचके वर्मा, सत्येंद्र बहादुर, लाल बाबू लाल समेत कांग्रेस के दूसरे नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।