विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 20, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

बिहार कांग्रेस नेता डॉ शकील देश के सर्वश्रेष्ठ विधायक, सदन में आवाज बुलंद करने वाले नेताओं में भी सबसे आगे

By Jagran NewsEdited By: Aditi Choudhary
Published: Tue, 20 Jun 2023 11:40 AM (IST)

बिहार में कांग्रेस विधायक दल के नेता और कदना विधायक डॉ शकील अहमद को देश के सर्वश्रेष्ठ विधायक का सम्मान ...और पढ़ें

बिहार के डॉ शकील को देश के सर्वश्रेष्ठ विधायक का सम्मान। जागरण
बिहार के डॉ शकील को देश के सर्वश्रेष्ठ विधायक का सम्मान। जागरण

पटना, जागरण संवाददाता। बिहार विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता डॉ शकील अहमद खान को देश के सर्वश्रेष्ठ विधायक के रूप में सम्मानित किया गया है। डॉ शकील को यह सम्मान मुंबई में आयोजित राष्ट्रीय विधायक सम्मेलन में दिया गया।

इस आयोजन में देश के सर्वश्रेष्ठ 75 विधायकों को सम्मानित किया गया। विधायकों को यह सम्मान क्षेत्रीय विकास कार्य में सर्वश्रेष्ठ योगदान देने के लिए दिया गया है। इसके अलावा प्रगतिशील कार्यों के लिए सदन में सबसे ज्यादा आवाज बुलंद करने वाले श्रेणी में डा. शकील को सम्मानित किया गया।

उल्लेखनीय है कि डॉ शकील अहमद खान का जन्म 1 जनवरी 1965 को कटिहार जिला के बरारी प्रखंड के काबर कोठी में हुआ। उनके पिता शोएब खान और माता का नाम कमर जहां है। शकील अहमद ने पटना विश्वविद्यालय से स्नातक किया और दिल्ली के प्रतिष्ठित जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय से पीएचडी तक शिक्षा प्राप्त की।

छात्र जीवन से राजनीति में सक्रिय

छात्र जीवन से ही शकील अहमद का झुकाव राजनीति की तरफ था। डॉ शकील 1991 में जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्रसंघ के उपाध्यक्ष और 1992 में अध्यक्ष चुने गए। 2005 में नेहरू युवा केंद्र संगठन के महानिदेशक बनाए गये। 2015 में पहली बार कटिहार के कदवा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद 2020 में कदवा से दूसरी बार जीत हासिल की।

कटिहार सहित पूरे बिहार में डॉ शकील अहमद की पहचान स्वच्छ छवि वाले नेता की है। 2022 के सितम्बर में शकील अहमद को बिहार विधानसभा के अल्पसंख्यक कल्याण समिति का सभापति बनाया गया। 3 जून 2023 को कांग्रेस ने  डॉ शकील अहमद खान को बिहार में कांग्रेस का विधानमंडल दल का नेता नियुक्त किया।

कांग्रेस नेताओं ने दी बधाई

डॉ शकील अहमद के सम्मानित होने के बाद कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने उन्हें शुभकामनाएं दी। डॉ अखिलेश प्रसाद सिंह ने कहा कि यह अभूतपूर्व सम्मान है जो उनकी मेहनत और लगन की बदौलत उन्हें हासिल हुआ है। सम्मान ये साबित करता है कि डॉ शकील के दिल में अपने क्षेत्र के प्रति जो चिंता और जनता के लिए दर्द है, वह दुनिया के लिए अनदेखा नहीं।

बिहार कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष डॉ अखिलेश सिंह के अलावा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व राज्यपाल निखिल कुमार, मदन मोहन झा, कृपानाथ पाठक, अवधेश कुमार, प्रेमचंद मिश्रा, राजेश राठौड़, असितनाथ तिवारी, आनंद शंकर और सत्येंद्र बहादुर ने भी डॉ शकील अहमद को बधाई दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।