कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा- बिहार में जनादेश का अपमान हुआ
कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया आज सुबह पटना पहुंचे। उन्होने कहा कि बिहार में महागठबंधन का टूटना जनादेश का अपमान है।
पटना [जेएनएन]। कांग्रेस के तेज-तर्रार नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया आज सुबह पटना पहुंचे। कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय सदाकत आश्रम में उनके नेतृत्व में बिहार प्रदेश कांग्रेस के नेताओं की बैठक हो रही है। बैठक में भाग लेने से पहले ज्योतिरादित्य सिंधिया ने नीतीश कुमार पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन का टूटना जनादेश पर किया गया कुठाराघात है। अचानक से निर्णय लेकर फिर से उन्हीं लोगों के साथ सरकार बनाना जिनके खिलाफ चुनाव लड़ा गया था और अपार जनादेश मिला था। नीतीश कुमार ने जनादेश का अपमान किया है। महागठबंधन में टूट को लेकर उन्होंने अफसोस व्यक्त करते हुए कहा कि आनेवाले दिनों में जनता इसका जवाब देगी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी मजबूत है, कांग्रेस को किसी मंत्र की जरूरत नहीं है। बैठक में कांग्रेस के सभी विधायक, जिलाध्यक्ष और प्रदेश के पार्टी पदाधिकारी भाग ले रहे हैं। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ अशोक चौधरी कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: जदयू का तंज, कहा- तेजस्वी और तेजप्रताप के नए अंकल हैं शरद यादव
यह भी पढ़ें: बक्सर के डीएम मुकेश पांडेय के सुसाइड की कहीं ये वजह तो नहीं!